संवाद न्यूज एजेंसी
सोनभद्र। लोढ़ी में जिला अस्पताल भवन मेडिकल कॉलेज के अधीन चले जाने के बाद नए भवन के निर्माण के लिए शासन से मंजूरी मिल गई है। 2026-27 के बजट में 2.27 करोड़ की धनराशि का प्रावधान किया गया है।
जल्द निर्माण कार्य करने के लिए 200 बेड के अस्पताल के लिए कम से कम आठ एकड़ जमीन की उपलब्धता के निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ डाॅ. पीके राय ने नए भवन के लिए आठ एकड़ और सीएमओ आवास निर्माण के लिए एक एकड़ जमीन की उपलब्धता का अनुरोध प्रस्ताव डीएम को भेजा है।
निदेशक (चिकित्सा उपचार), चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाएं डाॅ. संदीपा श्रीवास्तव ने 18 मई को सोनभद्र, बहराइच, कुशीनगर, देवरिया, एटा, फतेहपुर, गोंडा, खीरी, पीलीभीत, सिद्धार्थनगर, ललितपुर के सीएमओ और डीएम को भेजे पत्र में कहा है कि चिकित्सालय भवन के निर्माण के लिए भेजे गए नई मांगों के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय-व्ययक में 25 कराेड़ की धनराशि का प्रावधान कराया गया है।
जरूरी है कि कम से कम 200 शैया वाले अस्पताल भवन निर्माण के लिए आठ एकड़ जमीन की उपलब्धता की सूचना महानिदेशालय को दी जाए ताकि इसकी पहल आगे बढ़ाई जा सके। सीएमओ ने एडीएम को भेजे पत्र में बताया है कि वर्तमान में जिला चिकित्सालय, स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के अंतर्गत समाहित हो चुका है। जिले की वर्तमान स्थिति को देख 200 शैया के जिला चिकित्सालय की स्थापना रॉबर्ट्सगंज परिक्षेत्र में की जानी है। नियमानुसार न्यूनतम आठ एकड़ भूमि की जरूरत है।
अनुरोध किया गया है कि जमीन को चिन्हित कराते हुए स्वास्थ्य विभाग के पक्ष में हस्तांतरित कराया जाए। इसी तरह सीएमओ आवास निर्माण के लिए भी एक एकड़ जमीन चिन्हित कराने का अनुरोध किया गया है। बताया गया है कि सीएमओ आवास अभी तक निर्मित नहीं है। यह भी अनुरोध किया गया है कि जिला चिकित्सालय भवन के पास ही सीएमओ आवास के लिए भी जमीन मिल जाए तो बेहतर रहेगा। सीएमओ डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि जैसे ही जमीन उपलब्ध होगी। पहल आगे बढ़ाने के लिए सूचना महानिदेशालय को भेज दी जाएगी।