गाजीपुर जिले एक मुहल्ले में चचेरे चाचा द्वारा रिश्ते की मर्यादा को तार-तार करते हुए सात वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। घटना दो दिन पहले की बताई जा रही है। सोमवार को परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मुहल्ले की रहने वाली सात वर्षीय बच्ची दो दिन पूर्व रोजा इफ्तार के बाद बगल में स्थित चाचा के घर में गई और उनके घर के बच्चों के बारे में पूछा। इस पर चाचा ने कहा कि बच्चे छत पर खेल रहे हैं। बच्ची के छत पर जाने के बाद रिश्ते में लगने वाला उसका चाचा भी छत पर चला गया और बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
काफी देर बाद किसी तरह घर पहुंची बच्ची ने घटना की जानकारी परिवार के लोगों को दी। सोमवार को परिवार के लोग कोतवाली पहुंचे और आरोपी चाचा के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी धनजंय मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया गया है।