वाराणसी में कपसेठी थाना के सकलपुर केवटान गांव स्थित बगीचे में शनिवार की सुबह पेड़ की डाल के सहारे एक युवक का शव लटकता देख लोगों में हड़कंप मच गया। युवक की शिनाख्त जौनपुर के जलालपुर के दिनेश बिंद (30) के तौर पर हुई।
सूचना पाकर पहुंचे परिजनों के अनुसार दिनेश एक दिन पहले ही अपनी पत्नी की विदाई के लिए सकलपुर गांव स्थित अपने ससुराल आया था। उसका शव पेड़ की डाल के सहारे कैसे लटका मिला, इसके लिए पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करने के साथ ही जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार, दिनेश की शादी 10 साल पहले सकलपुर गांव के लालजी बिंद की पुत्री विमला के साथ हुई थी। इधर विमला किसी कारण से अपने ससुराल वालों से नाराज होकर मायके में रहती थी। पत्नी को घर ले जाने के लिए दिनेश एक दिन पहले ससुराल आया था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची कपसेठी थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दिनेश और विमला का एक बेटा व एक बेटी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष कपसेठी राजू दिवाकर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। इस मामले में किसी के तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सत्यता सामने आएगी तो अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।