कमिश्नर एस. राजलिंगम ने बुधवार को विकास कार्यों का निरीक्षण किया। एलटी कॉलेज में विकास प्राधिकरण की ओर से बनाए जा रहे पुस्तकालय भवन के निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं को अभियान चलाकर गुणवत्ता के साथ कार्य को पूर्ण कराने को कहा। उन्होंने सारनाथ से रिंग रोड तक सेतु निगम की ओर से बनाए जा रहे एलिवेटेड रोड, निर्माणाधीन कज्जाकपुरा फ्लाईओवर, लालपुर में प्रशासनिक ब्लॉक, पांडेयपुर पुलिस स्टेशन, कज्जाकपुरा फ्लाईओवर के अवशेष कार्य को भी शीघ्र पूर्ण कराए जाने के लिए सेतु निगम के अभियंताओं को निर्देश दिए। कमिश्नर ने मौके पर मौजूद अभियंताओं को सख्त हिदायत देते हुए निर्देशित किया कि यह सभी कार्य समय से पूरे होने चाहिए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। निर्माण कार्य में लापरवाही या गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर कमी मिली तो जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई होगी।