बिजली कटौती के चलते गुरुवार को चार घंटे की रोस्टिंग हुई। इसके अलावा फाल्ट के चलते कहीं दो घंटे तो कहीं चार घंटे कटौती की गई। बिजली कटौती के चलते शहर में पानी की भी किल्लत हो गई। बुधवार की रात 11 से एक बजे और गुरुवार की सुबह दो से चार बजे तक रोस्टिंग की गई। मुस्लिम बहुल इलाके अलईपुरा, जैतपुरा, सरैयां और शक्कर तालाब में अघोषित बिजली कटौती से आमजन परेशान हो गए हैं ।
कमलगढ़हा पार्षद गुलशन अली अंसारी ने कहा कि अघोषित कटौती के चलते रात की नींद और दिन का सुकून दुश्वार हो गया है। काशी विद्युत उपकेंद्र राजघाट से सुबह 10 बजे बिजली कटौती की गई। सड़क चौड़ीकरण के नाम पर शाम 4 बजे तक कटौती हुई। इसके चलते राजघाट, भदऊं, सेंवई मंडी, मुकीमगंज, तेलियाना, प्रह्लाद घाट आदि इलाकों में जलापूर्ति नहीं हुई। लेढ़ुपुर में भी शाम 7 बजे कटौती की गई। दौलतपुर में शाम 5 बजे से कटौती की गई। आशापुर रेलवे क्रासिंग के पास केबल बक्सा जलने के चलते लोगों को कटौती झेलनी पड़ी।