सुबह-ए-बनारस के मंच पर गुरुवार को छपरा, बिहार के बाल कलाकार अनीश अणु ने शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति दी। उन्होंने रागों की सुंदर प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। अनीश अणु ने गायन की शुरुआत राग अहीर भैरव से की। उन्होंने मध्य लय तीनताल में निबद्ध बंदिश आज तो आनंद आनंद... प्रस्तुत दी। उनकी गायकी में सुरों की मिठास और लय का अच्छा तालमेल देखने को मिला। इसके बाद उन्होंने राग भैरवी में निबद्ध भजन धन्य भाग सेवा का अवसर पाया...प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में दामिनी मिश्रा ने सह गायन किया। तबले पर रुद्रांश प्रताप सिंह ने संगत दी। वहीं संवादिनी पर प्रवीण सिंह ने साथ दिया। कलाकारों के बीच अच्छा तालमेल देखने को मिला। प्रस्तुति के बाद डॉ. पूर्णिमा मिश्रा और अर्चना अग्रवाल ने संयुक्त रूप से कलाकारों को प्रमाणपत्र प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया।