आजमगढ़। पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू हत्याकांड के मुख्य गवाह अजीत सिंह की हत्या में जो दो बाइक प्रयुक्त हुई थीं, उसमें एक आजमगढ़ के जहानागंज थाना क्षेत्र के नरसिंह यादव की है। यह छठ पर्व पर मऊ जिले के चिरैयाकोट बाजार से चोरी हो गई थी। जहानागंज पुलिस बाइक मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
अजीत हत्याकांड में प्रयुक्त दोनों बाइक लखनऊ पुलिस ने बरामद कर ली। इसमें एक ग्लैमर बाइक जिस पर मऊ जिले का नंबर लगा था, वह फर्जी है। जांच में बाइक आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना अंतर्गत मोलनापुर गांव निवासी नरसिंह यादव उर्फ गुड्डू की निकली। इस सूचना पर जहानागंज व चिरैयाकोट पुलिस ने बृहस्पतिवार रात में ही नरसिंह यादव के घर दबिश दी। किंतु वह किसी के अंतिम संस्कार में शामिल होने गाजीपुर गए थे। देर रात आने पर पुलिस ने उन्हें कस्टडी में ले लिया। नरसिंह ने बताया कि उनकी बाइक छठ पर्व के दिन चिरैयाकोट बाजार स्थित चंद्रा टाकीज के पास से चोरी हो गई थी, जिसकी एफआईआर भी उन्होंने चिरैयाकोट थाने में दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस एफआईआर, गाड़ी के कागजात के साथ नरसिंह यादव को जहानागंज थाने ले आई। शुक्रवार को भी पुलिस की टीम उनसे पूछताछ में जुटी थी।
लखनऊ में अजीत हत्याकांड में बरामद ग्लैमर बाइक जहानागंज थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति की चिन्हित हुई है। बाइक मालिक ने बताया बाइक चोरी हो गई थी, जिसकी एफआईआर चिरैयाकोट थाने में दर्ज है। एहतियात के तौर पर बाइक मालिक को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।
- संदीप यादव, इंस्पेक्टर, जहानागंज।