बीएचयू में मंगलवार से शुरू हुई पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ को अपने पहले ही मैच में हार का सामना करना पड़ा। दिन के आखिरी मुकाबले में एपीएस विवि, रीवा की टीम ने काशी विद्यापीठ को कांटे के मुकाबले में 18-17 से हराया।
बीएचयू क्रीड़ा परिषद की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिता का शानदार आगाज हुआ। मुख्य अतिथि द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित ई प्रसाद राव ने उद्घाटन की औपचारिकता पूरी की। उन्होंने भारतीय कबड्डी लीग को बीएचयू में आयोजित कराने का प्रस्ताव रखा। उद्घाटन मैच में
सिद्धू कानू विश्वविद्यालय, दुमका और बीएन मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा के बीच मैच खेला गया। इसमें मधेपुरा ने 78-42 अंक से जीत दर्ज की। दिन के दूसरे मैच में इंदिरा गांधी नेशनल ट्राइबल युनिवर्सिटी के खिलाफ खेलते हुए संभलपुर विश्वविद्यालय की टीम 50-21 अंकों से विजयी रही। एक
अन्य मैच में सिद्धू कानू विश्वविद्यालय ने रवींद्र भारतीय विश्वविद्यालय को 60-52 अंकों से परास्त किया। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता कुलसचिव डॉ. केपी उपाध्याय ने की। आयोजन सचिव प्रो. आद्या प्रसाद पांडेय ने प्रतियोगिता में शामिल टीम को नए नियमों के बारे में बताया। विश्वविद्यालय
क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष और प्रो. एसके त्रिगुण ने स्वागत किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. बीसी कापड़ी ने किया। संचालन प्रो. अर्चन सिंह एवं डॉ. एमएम पाल ने किया। इस मौके पर प्रो. सुषमा घिल्डियाल, डॉ. विद्यासागर सिंह एवं डॉ. आरएन सिंह आदि मौजूद रहे।