श्री काशी विश्वनाथ धाम में बुधवार को चार दिवसीय कला उत्सव का शुभारंभ हुआ। कर्नाटक की गायिका श्रीरंजनी संथानगोपालन ने सुमधुर स्वर से बाबा की महिमागान किया। चार दिनों तक देश-विदेश के कलाकारों की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं और दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। धाम स्थित शिवार्चनम मंच पर उत्सव का शुभारंभ मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद श्रीरंजनी गायन से बाबा की आराधना की। उन्होंने विभिन्न रागों में बंदिशों को पिरोया। कर्नाटक शैली की बंदिशों को भी स्वर देकर प्रभावित किया। बृहस्पतिवार को प्रसिद्ध कर्नाटक के गायक के भरत सुंदर, चार जुलाई को युवा शास्त्रीय गायक अभिषेक रघुराम की संगीतमयी प्रस्तुति होगी। अंतिम दिन पांच जुलाई वीणा वादिका डॉ. जयंती कुमारेश सुमधुर वीणा वादन की प्रस्तुति करेंगे।