हरहुआ। निशात हॉस्पिटल एंड मेडिकेयर सेंटर सील किए जाने के बाद पुलिस ने शुक्रवार से जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक जिस हॉस्पिटल संचालिका डॉ. शेहरा खातून के खिलाफ केस दर्ज किया गया था, उसका पता फर्जी मिला है। अस्पताल के दस्तावेजों में चोलापुर के जिस घर का पता दिया गया था, वहां कोई मिला ही नहीं।
हरहुआ चौराहे पर तीन सितंबर को नायब तहसीलदार, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने बिना पंजीकरण चल रहे निशात हॉस्पिटल को सील कर दिया था। केस दर्ज करके जांच भी शुरू की लेकिन आरोपी डॉक्टर अब भी भागी है। पुलिस के मुताबिक अस्पताल में लावारिस नवजात मिला था। पुलिस ने पीएचसी हरहुआ के प्रभारी डॉ. संतोष कुमार का बयान भी दर्ज किया है। जांच अधिकारी अभिषेक राय का कहना है कि जांच के दौरान जिस तरह के साक्ष्य मिल रहे हैं, उसके आधार पर संचालिका पर और धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं। बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि नवजात की स्थिति और उसपर दावेदारी पर स्पष्ट फैसला हो सके। लावारिस नवजात को समिति को ही सौंपा गया था।