पिंडरा। फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा-कठिराव मार्ग पर सोमवार रात थार ने बाइक सवार और पैदल चल रहे युवक को टक्कर मार दी। तीनों घायल हो गए। थार को ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। जबकि चालक भाग निकला। कठिराव की तरफ से तेज रफ्तार थार ने पहले खरका गांव के पास बाइक सवार जौनपुर के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के दीपापुर निवासी सुजीत राजभर (23) और रोहित राजभर (22) को टक्कर मारा। एक किमी आगे पैदल राहगीर किशन (18) मलहथ को भी धक्का मार दिया। बाइक सवार युवकों को सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। किशन का पैर टूट गया। सभी को पुलिस की मदद से एंबुलेंस से पिंडरा पीएचसी भेजा गया। उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। फूलपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि बाइक सवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। थार चालक की पहचान कर ली गई है। संवाद