वाराणसी में बंजर जमीन पर बिना अनुमति आंबेडकर की लगाई मूर्ति को लेकर माहौल गरमा गया है। मूर्ति को जब हटाने पहुंची टीम तो, स्थानीय लोगों ने पथराव कर दिया। जिससे भगदड़ मच गई। पुलिस ने भी मौके पर लाठीचार्ज किया है। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है, साथ ही तवान की स्थिति बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के राखी नवादा गांव में 5 जनवरी को गांव के एक पक्ष के लोगों ने रात में ग्राम पंचायत की आराजी नंबर-37 बंजर जमीन पर आंबेडकर की मूर्ति को स्थापित कर दिया था। सुबह जब इसके बारे में पता चला तो ग्रामीणों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। घटना की जानकारी लोगों ने एसडीएम राजातालाब सहित जंसा थाने को दी।
वही एसडीएम राजातालाब के निर्देश पर रविवार दोपहर बाद नायब सेवापुरी के तहसीलदार नीरज राजस्व की टीम और पुलिस बल आंबेडकर की मूर्ति को हटाने पहुंच गया। इस दौरान गांव के एक पक्ष ने इसका विरोध कर दिया। उन्होंने मूर्ति हटाने गई टीम पर पथराव कर दिया, जिससे वहां भगदड़ मच गई।
वहीं, जवाब में पुलिस ने भी लाठी चलाई। इसमें कई ग्रामीण घायल हो गए हैं और पुलिसकर्मियों को भी चोट लगी है। फिलहाल मामले को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मूर्ति को फिलहाल पुलिस अपने कब्जे में लेकर थाने लाई है।