काशी के दो एलिवेटेड कॉरिडोर के लिए कंपनियों में होड़ मची है। चार पैकेज पर 32 टेंडर मिले हैं। वरुणा कॉरिडोर के दो पैकेज के लिए 15 और गंगा कॉरिडोर के दो पैकेज के लिए 17 कंपनियों ने बोली लगाई। दोनों परियोजनाओं पर 25,445.96 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
काशी को जाम से राहत दिलाने की दिशा में गंगा और वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजनाओं ने एक कदम और आगे बढ़ाया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को दोनों परियोजनाओं के चार पैकेजों के लिए कुल 32 टेंडर मिले हैं। इनमें वरुणा कॉरिडोर के दो पैकेजों के लिए 15 और गंगा कॉरिडोर के दो पैकेजों के लिए 17 कंपनियों ने बोली लगाई है। करीब 89.2 किलोमीटर लंबे दोनों कॉरिडोर के निर्माण पर 25,445.96 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनके बनने से शहर के भीतर और आसपास के प्रमुख धार्मिक, शैक्षणिक और परिवहन केंद्रों तक पहुंच आसान होगी। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों और रिंग रोड के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
विज्ञापन
एनएचएआई की ओर से शुक्रवार को जारी जानकारी के अनुसार, वरुणा और गंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजनाओं को जुलाई 2026 में केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति से मंजूरी मिली थी। दोनों परियोजनाओं को दो-दो पैकेजों में बांटकर बनाया जाना है। वरुणा कॉरिडोर के पहले पैकेज के लिए आठ और दूसरे के लिए सात कंपनियों ने टेंडर डाले हैं। वहीं, गंगा कॉरिडोर के पहले पैकेज के लिए आठ और दूसरे के लिए नौ कंपनियों ने बोली लगाई है। अब टेंडर प्रक्रिया के अगले चरण में तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन के बाद निर्माण एजेंसियों का चयन किया जाएगा।
Trending Videos
वरुणा कॉरिडोर : 40 मिनट का सफर 20 मिनट में
वरुणा नदी के किनारे 43.2 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर एनएच-31 को वाराणसी रिंग रोड से जोड़ेगा। 10,998.32 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का निर्माण हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (एचएएम) पर किया जाएगा। इसमें छह और चार लेन के एलिवेटेड हिस्से के साथ फ्लाईओवर, लूप, रैंप और सर्विस रोड भी बनाए जाएंगे। इस कॉरिडोर के बनने से एनएच-31 से काशी रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में लगने वाला समय करीब 40 मिनट से घटकर 20 मिनट रह जाएगा। इसकी डिजाइन गति 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। इससे एयरपोर्ट, काशी रेलवे स्टेशन, वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन, वाराणसी जंक्शन, डीडीयू जंक्शन, रामनगर बंदरगाह, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय और गंगा घाटों तक पहुंचना आसान होगा। चंदौली क्षेत्र से भी बेहतर संपर्क स्थापित होगा।
गंगा कॉरिडोर : एक घंटे का सफर 20 मिनट में
गंगा नदी के किनारे 46 किलोमीटर लंबा छह लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर एनएच-19 को वाराणसी रिंग रोड से जोड़ेगा। इस परियोजना पर 14,447.64 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके तहत छह लेन का मुख्य एलिवेटेड मार्ग, 910 मीटर लंबा केबल स्टे ब्रिज और 1.32 किलोमीटर लंबा एक्स्ट्राडोज्ड फुट ओवरब्रिज-कम-मेजर ब्रिज बनाया जाएगा। इसके अलावा लूप, रैंप, संपर्क मार्ग और सर्विस रोड भी विकसित किए जाएंगे। एनएचएआई के मुताबिक, कॉरिडोर बनने से करीब 60 मिनट का सफर घटकर 20 मिनट रह जाएगा। वहीं, एनएच-19 से काशी रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में लगने वाला समय भी 50 मिनट से घटकर करीब 25 मिनट हो जाएगा। इससे रामनगर, बीएचयू, नमो घाट, काशी विश्वनाथ मंदिर, रामनगर किला और गंगा के घाटों तक पहुंच आसान होगी। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशनों और रामनगर बंदरगाह से भी बेहतर संपर्क मिलेगा।
पर्यटन के साथ माल परिवहन को भी मिलेगी रफ्तार
दोनों कॉरिडोर का उद्देश्य शहर को जाम से राहत दिलाने के साथ पूर्वांचल में यातायात और माल परिवहन को गति देना भी है। इनके जरिए राष्ट्रीय राजमार्गों, रिंग रोड, रेलवे स्टेशनों और रामनगर बंदरगाह के बीच संपर्क बेहतर होगा। इससे कृषि उत्पादों, औद्योगिक सामान, निर्माण सामग्री और खनिजों की ढुलाई आसान होगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ तीर्थयात्रियों की आवाजाही भी सुगम होगी। एनएचएआई के अनुसार, दोनों परियोजनाओं का विकास पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अनुरूप किया जाएगा।