नगर निगम के सदन निर्माण की प्रक्रिया के लिए दोबारा टेंडर निकाला जाएगा। 28 नवंबर को दोबारा टेंडर खुलेगा और इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की ओर से जारी ग्लोबल टेंडर में किसी भी निर्माण एजेंसी ने निविदा नहीं डाली थी। नगर निगम की चूक के कारण दोबारा टेंडर करना पड़ा है। सदन का निर्माण 5.20 करोड़ से होना है। सिनेमा हाल व मल्टीप्लेक्स की तर्ज पर बनने वाले सदन को एक्सपर्ट निर्माण एजेंसियां ही बनाती हैं। 350 लोगों की क्षमता के सदन में दूसरे मंजिल से आगंतुक भी कार्यवाही देख सकेंगे। दरअसल, इंजीनियरिंग प्राक्योरेट एंड कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) मोड में नगर निगम को सदन निर्माण की रूपरेखा को भी टेंडर में दर्शाना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जिसके चलते किसी भी फर्म ने टेंडर में प्रतिभाग ही नहीं किया। जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि 28 नवंबर को दोबारा टेंडर खुलेगा। जिसके बाद सदन निर्माण की कार्रवाई आगे बढ़ सकेगी।