बीएचयू के छात्रावासों में बिजली, पानी सहित मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर कुलपति ने संकाय प्रमुखों, छात्र सलाहकार, छात्रावास के प्रशासनिक संरक्षक, समन्वयकों संग बैठक कर छात्रावासों में सुविधाओं पर बातचीत की। इसमें उन्होंने शिक्षकों को छात्रों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान कराने की जिम्मेदारी सौंपी है।
कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने छात्रावास के मुद्दे पर बातचीत करते हुए कहा कि विवि के सदस्य के रूप में विद्यार्थियों के विषयों का समाधान करना हमारी साझा जिम्मेदारी है। विवि में किसी भी मुद्दे पर तनाव की स्थिति को रोकने, संवाद को बढ़ावा देने एवं विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठित छवि को बनाए रखने में सभी का योगदान भी है। ऐसे में मजबूत संवाद माध्यमों को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है। कुलपति ने ईमेल का सक्रियता से प्रयोग करने पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि तकनीक के दौर में आधिकारिक ईमेल का कुशल प्रयोग किया जा सकता है।
छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह ने कहा कि छात्रावास मैनुअल एक विस्तृत दस्तावेज है जो छात्रावास संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु प्रभावी मार्गदर्शन प्रदान करता है। छात्रावास संरक्षकों ने मेस प्रबंधन एवं छात्रावास प्रशासन पर सुझाव दिए। बैठक में कुलसचिव प्रो. अरुण कुमार सिंह, प्रो. बिभा त्रिपाठी (विद्यार्थियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु स्थायी समिति की अध्यक्ष), विवि निर्माण विभाग के आचार्य प्रभावी प्रो. अंचल श्रीवास्तव ,मुख्य आरक्षाधिकारी प्रो. संदीप पोखरिया मौजूद रहे।