वाराणसी। चिरईगांव के प्राथमिक विद्यालय सिंहपुर में कार्यरत प्रधानाध्यापक द्वारा ऑनलाइन पढ़ाई के लिए बनाए गए ह्वाट्सएप ग्रुप पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने का मामला सामने आया है। इसकी शिकायत के बाद हुई जांच में भी आरोप पुष्ट होने पर बीएसए ने तत्काल प्रभाव से प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच तीन सदस्यीय समिति को सौंपी गई है।
प्राथमिक विद्यालय सिंहपुर पर तैनात प्रधानाध्यापक राजेश्वर सिंह द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप ‘चार बेसिक शिक्षा ऑनलाइन चिरईगांव’ पर 22 मई को सुबह 6.55 से 7.15 बजे एक साथ कुल 17 गैर शैक्षणिक आपत्तिजनक (फीचर फिल्म आधारित नृत्य, अश्लील संगीत फोटो वीडियो) पोस्ट डाले जाने की शिकायत बीएसए से हुई थी। इसके बाद बीएसए के निर्देश पर एबीएसए ने मामले की जांच की। जिस ग्रुप पर आपत्तिजनक पोस्ट डाले गए थे, वह केवल शिक्षा से जुड़ी जानकारी शेयर करने के लिए बनाया गया है। बावजूद इसके प्रधानाध्यापक राजेश्वर सिंह द्वारा इस तरह के पोस्ट डाल डाले गए। बीएसए राकेश सिंह ने बताया कि एबीएसए की जांच में भी आरोप सही पाए जाने के बाद तत्काल प्रभाव से प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है। बताया कि शिक्षक के इस कृत्य से बेसिक शिक्षा विभाग की छवि धूमिल हुई है। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। एबीएसए हरहुआ, एबीएसए बड़ागांव और एबीएसए सेवापुरी को जांच की जिम्मेदारी भी दी गई है।