रात में मतगणना स्थल पर टेबल नंबर 2, 3, 4 और 11 के पास हाथ में पर्ची लेकर कुछ लोगों ने हंगामा किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाकर मामला शांत कराया। देर रात सपा समर्थकों ने भी हंगामा करते हुए शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी को जल्द जीत का प्रमाणपत्र देने की मांग की।
मतगणना स्थल के बाहर पूरे दिन सपा और भाजपा समर्थकों का जमावड़ा रहा। दोनों दलों के समर्थकों ने अपने-अपने टेंट लगाए थे। मतगणना स्थल के आसपास सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। अधिकृत पासधारकों को जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। परिसर और आसपास के क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी और ड्रोन से की गई।
चंदौली में ब्लैक पेन के इस्तेमाल पर आपत्ति
शिक्षक एमएलसी के मतदान में चंदौली के चहनियां क्षेत्र के बूथ नंबर 27, मतदान केंद्र 33 पर ब्लैक पेन के इस्तेमाल का मामला भी सामने आया। चुनाव आयोग की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार मतपत्र पर निर्धारित पेन से ही मतदान किया जाना था। ब्लैक पेन के इस्तेमाल को लेकर आपत्ति जताई गई है। इसे लेकर संबंधित मतदान केंद्र के मतों के संबंध में निर्वाचन अधिकारी स्तर से निर्णय लिया जाना है। चुनाव निरस्त होने की स्थिति अभी आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं है।