वाराणसी के लंका स्थित मालवीय चौराहे के समीप चाय की दुकान चलाने वाले युवक ने लंका थाने के दरोगा पर मारपीट और गालीगलौज करने का आरोप लगाया है। उसने पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश से उक्त संबंध गुहार लगाई है। शिकायत पत्र में उसने लंका थाने के दरोगा पर कार्रवाई की मांग की है। चाय विक्रेता धर्मेंद्र का आरोप है कि गुरुवार रात मवह अपनी दुकान बंद कर रहा था।
इस दौरान लंका थाने के एक एसआई पहुंचे और कहा कि इतनी रात में दुकान क्यों खोल रखे हो। जीप में बैठाकर थाने ले जाने लगे। इस बीच धर्मेंद्र ने अपना मोबाइल निकाला और खुद को भाजपा कार्यकर्ता बताते हुए विधायक को फोन करने लगा। आरोप है कि इस पर दारोगा ने अपशब्दों की बौछार की और थाने ले जाकर मारपीट भी की। भाजपा नेताओं के हस्तक्षेप के बाद धर्मेंद्र को छोड़ा गया।