भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान पद्मश्री स्व. अजीत वाडेकर की याद में टी-20 राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 27 दिसंबर तक किया जाएगा।
अटल-अजीत मेमोरियल ट्राफी के तहत वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में होने वाली प्रतियोगिता में पांच टीमों के करीब 100 दिव्यांग क्रिकेटर भाग लेंगे। बादशाह बाग कालोनी स्थित संकल्प ट्यूटोरियल्स पर प्रेस कांफ्रेंस में आयोजन समिति के चेयरमैन डॉ. संजय चौरसिया, संयोजक डॉ. सुनील मिश्रा, अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 10 लीग मैच और फाइनल खेला जाएगा।
पहली बार बनारस में होने वाली इस प्रतियोगिता में ट्राफी का उद्घाटन 25 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर अमित मिश्रा करेंगे। समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ल, यूपी सरकार के राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी, मुख्य आयुक्त दिव्यांगजन डॉ. कमलेश कुमार सहित कई लोग मौजूद रहेंगे।
हर दिन 20-20 ओवर के दो मैच सिगरा स्टेडियम और दो महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ खेल मैदान में खेले जाएंगे। इस दौरान 26 दिसंबर को बनारस समेत पूर्वांचल के रणजी खिलाड़ियों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा जाएगा। समापन समारोह में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व गेदबाज कर्षण घावरी और अजीत वाडेकर की पत्नी रेखा वाडेकर, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी आरपी सिंह मौजूद रहेंगे।