एपल कंपनी के मैनेजर की हत्या के आरोप में गिरफ्तार दो सिपाहियों के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए वाराणसी पुलिस लाइन में बैठक करने जा रहे बर्खास्त सिपाही बृजेंद्र सिंह यादव को शुक्रवार को कैंट पुलिस ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर से गिरफ्तार किया। बृजेंद्र को पुलिस ने पहले अज्ञात स्थान पर रखा और फिर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर उसे जेल भेज दिया गया।
मैनेजर विवेक की हत्या के आरोप में सिपाही प्रशांत चौधरी और संदीप को गिरफ्तार कर लखनऊ पुलिस ने जेल भेजा है। दोनों सिपाहियों की गिरफ्तारी के विरोध में और उन पर दर्ज मुकदमा वापस लेने के लिए सोशल मीडिया पर अराजपत्रित पुलिसकर्मी मुहिम छेड़ रखे हैं।
इसी क्रम में रक्षक कल्याण ट्रस्ट द्वारा संचालित अराजपत्रित पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बर्खास्त सिपाही बृजेंद्र सिंह यादव ने अपील की है कि 11 अक्तूबर को पुलिसकर्मी मेस का बहिष्कार कर भूख हड़ताल करें। बृजेंद्र की मांग है कि दोनों सिपाहियों पर दर्ज मुकदमा वापस लिया जाए और उनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाए।
शुक्रवार की सुबह नौ बजे पुलिस को पता लगा कि बृजेंद्र पुलिस लाइन में अपनी अपील के लिए बैठक कर समर्थन जुटाने जा रहा है। इससे पहले ही उसे जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
बृजेंद्र की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि पुलिस बल के नियम और अनुशासन को भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में कोताही नहीं बरती जाएगी।