घटना के बारे में सीसीटीवी फुटेज की जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के शिवाला स्थित श्री बालाजी गेस्ट हाउस के प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 10 में ठहरे प्रभाकर (29) की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। वहीं, प्रभाकर के साथ कमरे में ठहरी हुई युवती (जिसे वह पत्नी बताया था) गायब है। सूचना के आधार पर गेस्ट हाउस पहुंची पुलिस प्रभाकर के कमरे से एक बोतल शराब बरामद कर जांच में जुटी हुई है।
गेस्ट हाउस के मैनेजर अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार की सुबह सात बजे के लगभग प्रभाकर बाइक से आया था। उसने कहा था कि पत्नी का उपचार कराना है, इसलिए एक कमरा चाहिए। शाम तक कमरा खाली कर देंगे। इसके बाद दोपहर में डेढ़ बजे के लगभग प्रभाकर फिर आया और आईडी प्रूफ के तौर पर अपना आधार कार्ड दिया। आधार कार्ड में उसका पता फैजाबाद के खुर्दाबाद कश्मीरी मोहल्ला साहबगंज निवासी किशन लाल के पुत्र के तौर पर अंकित था। प्रभाकर के आईडी प्रूफ देने के थोड़ी देर बाद उसकी तथाकथित पत्नी पैदल ही आई और फिर दोनों कमरे में चले गए। प्रभाकर ने शाम में कमरा छोड़ने के लिए कहा था। इस वजह से रात आठ बजे के लगभग गेस्ट हाउस के कर्मी उसके कमरे में गए और दरवाजा खटखटाए तो नहीं खुला। दरवाजा धकेलने पर खुल गया और प्रभाकर बिस्तर पर सिर्फ अंडरवियर पहन कर निढाल पड़ा हुआ था। गेस्ट हाउस के कर्मियों ने इसकी जानकारी भेलूपुर थाने की पुलिस को दी।
सूचना पाकर भेलूपुर थाने की पुलिस गेस्ट हाउस पहुंची और सीसी कैमरों की फुटेज चेक की तो सामने आया कि प्रभाकर की तथाकथित पत्नी दोपहर में लगभग तीन बजे ही कमरे से निकल गई थी। इस संबंध में डीसीपी काशी जोन अमित कुमार ने युवक के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रथमदृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि युवक की मौत हार्ट अटैक से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होगी। युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। साथ आई युवती कौन थी, उसका पता लगाने के लिए युवक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है।