प्रमुख ट्रेनों में किराया घटाने पर मंथन कर रहा रेलवे बोर्ड
- फोटो : facebook
देश की सुपर लग्जरियस ट्रेनों में सफर का सपना अब पूरा हो सकेगा। महाराजा एक्सप्रेस और पैलेस ऑन व्हील्स जैसी लक्जरी टूरिस्ट ट्रेनों में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के लिए किराए में कमी लाने की कवायद चल रही है। रेलवे ने अपने हॉलेज शुल्क को आधा कर दिया है।
इसके अलावा कई और प्रयास किए जा रहे हैं। हाल ही में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष अश्वनी लोहानी ने दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह संकेत दिए हैं। देश में पांच लग्जरी ट्रेनें महाराजा एक्सप्रेस, गोल्डन चैरियट, रॉयल राजस्थान ऑन व्हील्स , डेक्कन ओडिशी तथा पैलेस ऑन व्हील्स संचालित होती हैं।
रेल अधिकारियों की मानें तो हॉलेज शुल्क घटाने के साथ ही रेलवे बोर्ड ने राज्य पर्यटन निगमों को लक्जरी टूरिस्ट ट्रेनों का किराया घटाने तथा छोटे तथा आकर्षक टूर पैकेज तैयार करने का सुझाव रेल मंत्रालय ने दिया है।
हॉलेज शुल्क घटाने का निर्णय संसदीय समिति की रिपोर्ट पर लिया गया है। जिसके अनुसार 2012-13 से 2016-17 के पांच सालों में पांचों लक्जरी टूरिस्ट ट्रेनों का यात्री प्रतिशत 30-36 के बीच रहा।
यात्री प्रतिशत बढ़ाने के लिए समिति ने इन ट्रेनों के लंबे व महंगे यात्रा पैकेजों को छोटा व किफायती बनाने तथा मुफ्त कांप्लीमेंट्री पास बंद करने का सुझाव दिया गया है।