यूपी कॉलेज में छात्र नेताओं ने किया था बुद्धि-शुद्धि यज्ञ
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी स्थित यूपी (उदय प्रताप) कॉलेज में चल रहा छात्रों का धरना गुरुवार देर शाम समाप्त हो गया। प्राचार्य के आश्वासन पर छात्रों ने धरना समाप्त कर दिया। छात्रों का धरना अनशन में तब्दील होने के बाद महाविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से बात की। प्राचार्य ने छात्रों की मांग को 20 दिनों के अंदर पूरी करने का आश्वासन दिया है। वहीं छात्रों का कहना है कि मांग पूरी नहीं हुई तो वह दोबारा आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
गुरुवार देर शाम प्राचार्य प्रो. डीके सिंह धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बातचीत की और जूस पिलाकर छात्रों का धरना समाप्त कराया। उन्होंने छात्रों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी मांगों पर विचार किया जा रहा है और 20 दिनों के अंदर उनका समाधान किया जाएगा।
10 मांगों पर छात्रों ने शुरू किया था धरना
छात्र सभी हॉस्टलों को तत्काल खोलने, प्रवेश फॉर्म जल्द से जल्द जारी करने, लाइब्रेरी खुलने और अस्पताल की सुविधा बढ़ाने समेत 10 सूत्रीय मांगों को पूरा करने के लिए तीन दिनों से धरना दे रहे थे। इस दौरान नमन श्रीवास्तव बंटी, अभय सिंह, अमन सिंह, शिवम सिंह, सुधीर सिंह और उत्तम सिंह आदि शामिल हैं।