मस्जिद में नमाज के लिए आने वालों की संख्या सीमित करने की मांग
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। उदय प्रताप कॉलेज में वक्फ बोर्ड के विरोध में सोमवार को विद्यार्थियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बोर्ड का पुतला फूंककर छात्रों ने कॉलेज परिसर के मस्जिद में नमाज के लिए आने वाले लोगों की संख्या को सीमित करने की मांग की। उदय प्रताप कॉलेज में वक्फ बोर्ड का जहां तक मामला है तो बोर्ड ने इस कॉलेज को अपनी संपत्ति घोषित कर नोटिस जारी किया है। जानकारी मिलने के बाद कॉलेज के स्टाफ और छात्रों में नाराजगी है। सोमवार को कॉलेज नियत समय पर खुला, लेकिन विरोध प्रदर्शन बढ़ता देख पुलिस बल तैनात कर दिया गया। उदय प्रताप कॉलेज की स्थापना महाराजा राजर्षि सिंह जूदेव ने 1909 में की थी। परिसर में कई शैक्षिक संस्थान संचालित किए जाते हैं, जिनमें उदय प्रताप इंटर कॉलेज, रानी मुरार बालिका इंटर कॉलेज, उदय प्रताप पब्लिक स्कूल, मैनेजमेंट कॉलेज और उदय प्रताप स्वायत्तशासी कॉलेज शामिल हैं। इन सभी संस्थानों में कुल 15 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं।