जिलास्तरीय 53वीं बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी-2025 शनिवार को पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर काॅलेज वाराणसी में लगी। इसमें छात्रों ने विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत थीम पर आधारित सात विषयों पर मॉडल बनाए। कॉलेज के प्रधानाचार्य सुमित श्रीवास्तव ने बताया कि सात विषयों में चिरस्थायी कृषि, कचरा प्रबंधन और प्लास्टिक के विकल्प, हरित ऊर्जा, उभरती हुई प्रौद्योगिकी, मनोरंजक गणितीय मॉडलिंग, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता और जल-संरक्षण एवं प्रबंधन शामिल थे। जूनियर वर्ग कक्षा 10 तक, सीनियर वर्ग में कक्षा 11-12 और अध्यापक संवर्ग में तीन श्रेणियां भी बनाई गईं थी। मुख्य अतिथि सेवा निवृत्त आईएएस प्रवीण प्रकाश ने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य नवाचार को प्रोत्साहित करना है। शिक्षक और शिष्य का भावात्मक संबंध होना जरूरी है। इस मौके पर डॉ. भूपेंद्र कुमार, डॉ. कृपा राम, डॉ. नवीन कुमार झा, प्रभात कुमार चौरसिया मौजूद रहे।