बीएचयू में दाखिले की जंग रविवार से शुरू हो गई। पहले दिन बीएफए, बीपीएड, बीपीए, बीएससी कृषि व शास्त्री की प्रवेश परीक्षा हुई। इनमें 40 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए।
पहली पाली में बीएफए, बीपीएड, एमपीएड और एमएससी हेल्थ स्टैटिस्टिक्स की प्रवेश परीक्षा हुई। दूसरी पाली में तीन बजे से बीएससी कृषि की प्रवेश परीक्षा हुई। इसकी 163 सीटों के लिए 46 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने किस्मत आजमाई। इसके लिए शहर में बीएचयू सहित 40 केंद्र बनाए गए थे। सभी केंद्रों पर आबजर्वर के साथ सुरक्षा तंत्र मुस्तैद रहा। परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों को ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था भी की गई थी। एनएसएस के स्वयंसेवक भी अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन के लिए लगाए गए थे। परीक्षा नियंता डॉ. केपी उपाध्याय व संयुक्त कुलसचिव (प्रवेश परीक्षा) डॉ. एमआर पाठक के अनुसार बीएचयू की प्रवेश परीक्षाएं वाराणसी सहित 11 दूसरे शहरों में बनाए गए केंद्रों पर हुई।