काशी हिंदू विश्वविद्यालय का अंतरराष्ट्रीय पुरातन छात्र समागम 23 व 24 नवंबर को होगा। चूंकि ये अंतरराष्ट्रीय पुरातन छात्र समागम विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष में हो रहा है, इसलिए इसे हर लिहाज से खास बनाए जाने की कोशिश की जा रही है।
देश विदेश में शीर्ष पदों पर बीएचयू का नाम कर रहे पुरातन छात्रों को आमंत्रित तो किया ही जा रहा है, साथ ही मंत्री, सांसद व राजनेताओं को भी जुटाने की तैयारी चल रही है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह, रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा, कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सिंह सरीखे दिग्गज नेता भी इस पुरातन छात्र समागम में शिरकत कर रहे हैं।
करीब तीन साल बाद होने जा रहे बीएचयू के इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय ‘पुरातन छात्र समागम 2015’ का उद्घाटन करने मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी आ रही हैं। इस लिहाज से यहां सत्ता पक्ष के राजनेताओं की शिरकत होना लाजमी माना जा रहा है।
बीएचयू के पुरातन छात्र रहे मौजूदा सांसद व राज्यमंत्री मनोज सिन्हा, सांसद महेंद्र नाथ पांडेय, भरत सिंह, मनोज तिवारी आदि इस समागम में हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सिंह, मौजूदा मेयर रामगोपाल मोहले, पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, कांग्रेस के नेता अनिल श्रीवास्तव, सांसद वीरेंद्र सिंह सरीखे नेताओं ने भी बीएचयू से उच्च शिक्षा प्राप्त की है।
ऐसे में इनकी भी मौजूदगी की पूरी उम्मीद है। पुरातन छात्र समागम के आयोजक प्रो. एसबी अग्रवाल ने बताया कि समागम में करीब 2000 पुरातन छात्रों के जुटने की उम्मीद है। अब तक एक हजार से अधिक ने अपना पंजीकरण करा भी लिया है। इसके अलावा बीएचयू के छात्र रहे वाराणसी व आसपास के जिलों के जो भी सांसद व मंत्रियों ने भी समागम में आने की बात कही है।
इसके अलावा भोपाल के आईजी शैलेंद्र श्रीवास्तव, सीनियर आईएएस रजनीश दूबे ने भी आने को कहा है। इसके अलावा बीएचयू के पूर्व कुलपतियों को भी इस समागम में खास तौर से आमंत्रित किया गया है जिसमें प्रो. डीपी सिंह, प्रो. पंजाब सिंह ने आने की सहमति दे दी है।