बीएचयू के विज्ञान संस्थान में विद्यार्थियों को तनाव मुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से विशेष पहल की गई है। संस्थान में विद्यार्थी कल्याण डेस्क की शुरुआत की गई है। रोज शाम 4 से 5 बजे तक विद्यार्थियों की काउंसिलिंग कराई जाएगी। अवसाद से निपटने, मनोवैज्ञानिक स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन किया जाएगा। विश्वविद्यालय परिसर में पिछले दिनों विद्यार्थियों द्वारा आत्महत्या के कदम उठाए जाने पर संस्थान ने काउंसिलिंग की कवायद शुरू की है। डेस्क के माध्यम से शिक्षक जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्वस्थ व सक्रिय जीवन जीने, तनाव व अवसाद से निपटने के प्रति जागरूक करेंगे। साथ ही शारीरिक, मानसिक व मनोवैज्ञानिक स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन व सहायता भी देंगे। संस्थान के न्यू लेक्चर थियेटर भवन के भूतल पर विद्यार्थी संपर्क कर सकेंगे। इस पहल के तहत एक ईमेल wellbeing.iscbhu.ac.in भी जारी किया गया है। इससे भी सुविधा का लाभ उठाया जा सकता है।