वाराणसी में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का छात्रसंघ चुनाव अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। छात्रसंघ चुनाव स्थगित होने से प्रत्याशियों में आक्रोश है। छात्रों के हंगामे को देखते हुए विश्वविद्यालय को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और विश्वविद्यालय प्रशासन ने 21 से 24 दिसंबर तक विश्वविद्यालय में पूर्ण अवकाश की घोषणा कर दी है।
शहर में लगातार वीवीआईपी मूवमेंट के कारण अत्यधिक पुलिस फोर्स लगने के कारण विद्यापीठ में छात्रसंघ चुनाव को अगले आदेश तक स्थगित किया गया है। सोमवार की शाम को छात्रसंघ चुनाव के लिए चुनाव समिति, सुरक्षा अधिकारियों और कुलानुशासक मंडल की बैठक आयोजित हुई। बैठक में चुनाव अधिकारी प्रो. आरपी सिंह ने बताया कि हमने छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्वक करवाने के लिए डीसीपी वरुणा जोन से मतदान के दिन पुलिस बल की मांग की थी। डीसीपी ने प्रधानमंत्री समेत अन्य वीवीआईपी के आगमन को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा बल उपलब्ध कराने में असमर्थता जताई थी। इसके कारण चुनाव को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।