काशी हिंदू विश्वविद्यालय के नर्सिंग महाविद्यालय के सैकड़ों छात्र हास्टल न मिलने के विरोध में सड़क पर उतर आए। सोमवार की सुबह कालेज गेट पर छात्रों ने कक्षाओं का बहिष्कार कर धरना दिया।
छात्रों ने बताया कि पूरी फीस जमा करने के बाद भी बीएससी नर्सिंग के प्रथम और द्वितीय वर्ष के 60 छात्रों को हास्टल नहीं दिया जा रहा है। जिससे कई प्रकार की समस्याएं उत्पन्न हो रही है। अब तक कई बार कुलपति, सर सुंदरलाल अस्पताल के एमएस सहित कई अधिकारियों से बातचीत के बाद भी कोई सुनने वाला नहीं है। दो दिन पहले भी अधिकारियों ने मांगें मान लिए जाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कुछ नहीं हो पाया है।
छात्रों ने बताया कि क्लास के साथ-साथ बीएचयू अस्पताल में भी सेवाएं देनी पड़ती हैं। ऐसे में बाहर रहने से आने जाने में ही पूरा समय खत्म हो जाता है। जिस कारण पढ़ाई के लिए समय नहीं मिल पाता है। हास्टल न मिलने के मामले में ऐसा तब हो रहा है जब बीएचयू वेबसाइट व यूजीसी के गाइड लाइन में नर्सिंग छात्र छात्राओं के लिए हॉस्टल की व्यवस्था लिखी गई है।