राहुल गांधी के मामले में 16 जून को फैसला संभव
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अमेरिका में सिख समुदाय के लोगों पर दिए गए बयान मामले में अब 16 जून को फैसला आ सकता है। विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत ने इस मामले की सुनवाई पूरी कर ली है। शनिवार को फैसला आना था लेकिन सुनवाई टल गई।
पीठासीन अधिकारी के अवकाश पर होने के कारण अदालत ने अगली तिथि तय कर दी। मामला राहुल गांधी के उस बयान से संबंधित है जो उन्होंने पिछले साल सितंबर में अमेरिका की यात्रा के दौरान दिया था। उन्होंने कथित तौर पर भारत में सिखों की स्थिति और उनकी धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर सवाल उठाए थे। इस पर सारनाथ क्षेत्र के तिलमापुर निवासी नागेश्वर मिश्र ने निगरानी याचिका दाखिल की। इसमें राहुल गांधी को पक्षकार बनाया गया है।