बीएचयू परिसर में तेज रफ्तार एसयूवी ने शनिवार दोपहर बाइक सवार दृश्य कला संकाय के छात्र और छात्रा को टक्कर मार दी। दोनों को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। मौके पर पहुंची पुलिस और मजिस्ट्रेट के सामने ही घटना से नाराज छात्रों ने तोड़फोड़ कर एसयूवी में आग लगा दी। करीब आधा घंटे बाद पहुंचे दमकल दस्ते ने आग बुझाई।
दोपहर करीब एक बजे जिस एसयूवी से दुघर्टना हुई वह सीर गेट की ओर जा रही थी। विधि संकाय तिराहे पर दृश्य कला संकाय की ओर से एंफीथिएटर मैदान की ओर जा रहे पल्सर सवार दृश्य कला संकाय के छात्र राकेश कुमार और छात्रा अंजूलता को कार ने टक्कर मार दी। गति ज्यादा होने के कारण एसयूवी में फंसी पल्सर करीब 50 मीटर घिसटती चली गई।
एसयूवी पर आगे भाजपा का झंडा लगा था और पीछे हरे व लाल रंग में रणवीर सिंह लिखा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद एसयूवी में सवार लोग दूसरी गाड़ी में बैठकर सीर गेट की ओर भाग निकले। छात्रों ने पुलिस अधिकारियों को हादसे की जानकारी दी। राकेश के दोनों हाथों में फ्रैक्चर है और मुंह पर चोट लगी है, जबकि अंजूलता के हाथ में फ्रैक्चर है। सूचना पाकर चीफ प्रॉक्टर प्रो. ओपी राय और एसपी सिटी दिनेश सिंह ट्रामा सेंटर पहुंचे और छात्र-छात्रा से मुलाकात की।