महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रसंघ चुनाव की तैयारियों में तेजी आ गई है। छुट्टियों में भले इस वक्त चुनाव प्रचार थमा हुआ हो लेकिन सोशल मीडिया छात्रनेताओं का बड़ा सहारा बना हुआ है। व्हाट्स एप और फेसबुक पर छात्रसंघ चुनाव का जमकर प्रचार हो रहा है, जिससे कि पूरा माहौल सियासी हो चला है।
संभावित प्रत्याशी और दावेदार दोनों ही सोशल मीडिया के जरिये छात्रों को अपनी ओर करने में जुटे हैं। रोजाना दर्जनों फोटो और पोस्ट अपलोड किए जा रहे हैं। सभी अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं। यही हाल यूपी कॉलेज और हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज का भी है।
काशी विद्यापीठ का छात्रसंघ चुनाव तीन नवंबर को है, जबकि यूपी कॉलेज में पांच नवंबर को मतदान होगा। यूपी कॉलेज में चुनाव के लिए नामांकन 24 अक्तूबर को होगा जबकि विद्यापी 25 को नामांकन होना है। इससे पहले 23 को कॉलेज खुलेंगे।
ऐसे में इतने दिन की छुट्टियों के बीच छात्रनेता सोशल मीडिया को प्रचार का माध्यम बनाए हुए हैं। दिवाली, गोवर्धन पूजा और छठ की एक साथ शुभकामनाएं देने के साथ ही वो वोट की अपील भी कर रहे हैं।
रोजाना छात्रों के हित में काम करने की बात कहते हुए वोट मांग रहे हैं। कर्म खर्च में अधिक लोगों तक अपनी पहुंच बनाने का ये आसान तरीका भी है। यही नहीं छात्रों के मोबाइल पर भी मैसेज के जरिये भी वो वोट के लिए उन पर निशाना साध रहे हैं।