Varanasi News: वाराणसी जिले में पिकअप के चपेट में आने से एक सात साल की छात्रा की मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। काफी देर बाद अधिकारियों के आश्वासन पर माने।
वाराणसी जिले के कपसेठी-बाबतपुर मार्ग में भुसौला गांव के पास बृहस्पतिवार शाम पिकअप की चपेट में आने से सात साल की बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक भाग निकला। आक्रोशित लोगों ने मार्ग को जाम कर दिया। एसडीएम शिवानी सिंह व एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और परिजनों को आर्थिक सहायता दिलवाने का आश्वासन देकर शांत कराया। दो घंटे बाद कपसेठी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विज्ञापन
ये है मामला
भुसौला गांव के अरुण राम की बेटी शिवांगी (7) शाम को सड़क पार कर रही थी, इस बीच कपसेठी की तरफ से तेज रफ्तार से आ रहे पिकअप की चपेट में शिवांगी आ गई। बालिका को परिजन निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कपसेठी थाना प्रभारी अरविंद कुमार सरोज पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन परिजन नहीं माने। जंसा, मिर्जामुराद और बड़ागांव की थाने की फोर्स भी पहुंच गई। एक भाई दो बहनों में शिवांगी बड़ी थी। कक्षा एक की छात्रा थी। बेटी की मौत से मां सुषमा देवी समेत परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।