उदय प्रताप कॉलेज के प्रबंधन का पुतला बुधवार को काशी विद्यापीठ के छात्रों ने फूंका। इस दौरान पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो दोनों तरफ से नोकझोंक भी हुई। पुलिस की मौजूदगी में ही छात्रों ने पुतला दहन कर दिया। यूपी कॉलेज के छात्रों को काशी विद्यापीठ के छात्रसंघ महामंत्री ने भी अपना समर्थन दिया है।
बुधवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रसंघ महामंत्री ऋषभ पांडेय के नेतृत्व में छात्रों ने विद्यापीठ गेट नंबर एक पर यूपी कालेज प्रबंधक का पुतला फूंका। इस दौरान पहुंची सिगरा थाने की पुलिस ने पुतला दहन रोकने की कोशिश की पर सफल नहीं हो सकी। छात्रसंघ महामंत्री ने बताया कि लगातार कई दिनों से धरने पर बैठे उदय प्रताप कॉलेज के छात्रों की कोई सुनवाई नहीं हो रही। उनकी सिर्फ यही मांग है कि कालेज के सचिव की नियुक्ति को खारिज कर उन्हें बर्खास्त किया जाए क्योंकि सचिव की नियुक्ति असंवैधानिक तरीके से हुई है। इस दौरान प्रभु पटेल, अंकित गुप्ता, शुभम केशरी, गौतम शर्मा, आकाश पटेल, अभिषेक पांडेय, साहिल सिंह उपस्थित रहे।