आईजी रेंज से लेकर सिपाहियों तक ने की जरूरतमंदों की मदद
पुलिस की ओर से जरूरतमंदों की मदद का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया था। आईजी रेंज विजय सिंह मीणा, एसएसपी प्रभाकर चौधरी, एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह और एसपी ग्रामीण एमपी सिंह के साथ ही क्षेत्राधिकारियों और चौकी प्रभारियों ने जन सहयोग से जरूरतमंदों को भोजन के पैकेट और खाद्य सामग्रियां वितरित की। ट्रैफिक पुलिस लाइन में एसपी ट्रैफिक श्रवण कुमार सिंह के नेतृत्व में एचसीपी प्रद्युम्न सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने भोजन तैयार कर जरूरतमंदों के बीच वितरित किया।
मुहल्लों और गलियों में अंदर-बाहर करते रहे लोग
पुलिस की सख्ती के चलते लोग शहर की प्रमुख सड़कों पर तो नहीं दिखे लेकिन गलियों और मुहल्लों में चहलकदमी करते रहे। मदनपुरा में मुख्य मार्ग पर सन्नाटा पसरा था लेकिन अंदर मुहल्ले और गलियों में लोग एक-दूसरे से बतकही में मशगूल दिखे। कुछ ऐसा ही माहौल शिवाला, गोदौलिया, नई सड़क, बेनिया, दारानगर, औसानगंज और शहर के अन्य इलाकों में भी था। इस बीच सायरन की आवाज सुनाई देते ही लोग इधर-उधर छुप जा रहे थे और माहौल सामान्य होते ही पुन: झुंड में एकत्रित होकर बातचीत शुरू कर दे रहे थे। कुछ जगहों पर पुलिस ने लोगों को फटकारते हुए नाराजगी भी जताई।
सड़कों और कालोनियों में छुट्टा पशुओं का आतंक
लाकडाउन के बीच शहर की सड़कों और कालोनियों में छुट्टा पशुओं का आतंक बढ़ गया है। छुट्टा पशु कई लोगों को घायल भी कर चुके हैं। कई बार तो वाहनों का हार्न बजाए जाने के बाद भी सड़कों पर बीच में ही पशु बैठे रहते हैं। नगर निगम की ओर से भी इन छुट्टा पशुओं को पकड़ने के लिए अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
कृष्णापुरी कालोनी नेवादा के आरके पांडे ने बताया कि शिकायत के बाद भी निगम प्रशासन का ध्यान इस तरफ नहीं जा रहा है। सामान लेने निकलने पर ये पशु दौड़ा लेते हैं। नगर निगम के अपर नगर आयुक्त देवी दयाल ने कहा कि छुट्टा पशुओं से होने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए योजना बनाई गई है। इन्हें पकड़कर कान्हा उपवन में भेजा जा रहा है।