वाराणसी। आंधी और बारिश ने विद्युत वितरण व्यवस्था को बेपटरी कर दिया। जगह-जगह लाइनों पर टूट कर पेड़ का डालियां फंस गईं, जिससे तीन बजे के बाद शहर के तमाम इलाकों की बिजली गुल हो गई।
सबसे खराब स्थिति वरुणापार इलाके की रही। आधी रात तक सांस्कृतिक संकुल और दौलतपुर उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में 10 घंटे से भी ज्यादा समय तक बिजली गुल रही।
पन्नालाल पार्क उपकेंद्र की लाइनों पर पेड़ की डालियां अटक जाने के कारण अर्दली बाजार, जेल रोड और एमईएस फीडरों की आपूर्ति शाम छह बजे ही गुल हो गई और रात साढ़े नौ बजे तक स्थिति सामान्य हो पाई।
सांस्कृतिक संकुल और दौलतपुर उपकेंद्र के लाइनों की मरम्मत का काम दिन में 10 से दो बजे तक किया जा रहा है। आपूर्ति बहाल होने के कुछ ही देर बाद आंधी और बारिश शुरू हो गई जिससे रात आठ बजे आशापुर के पास भूमिगत केबिल बाक्स में गड़बड़ी आ गई। अधीक्षण अभियंता एके ओझा ने बताया कि मरम्मत का काम चल रहा है।
आपूर्ति आधी रात तक बहाल हो पाएगी। इस दौरान मकबूल आलम रोड, रमरेपुर, प्रेमचंद नगर, हुकुुलगंज, पांडेयपुर, पहड़िया आदि मुहल्लों की बिजली गुल रही। शाम को इलाके में पेयजल की भी आपूर्ति नहीं हो पाई। शहर के अन्य हिस्सों में भी तार टूटने और ट्रिपिंग की घटनाएं होती रहीं। मंडुवाडीह, लहरातारा, बौलिया इलाके में आंधी के बाद ही बिजली की आवाजाही का सिलसिला शुरू हुआ जो आधी रात तक चलता रहा।