हत्या और लूट के आरोपी अंतरजनपदीय गिरोह के इनामी बदमाश और उसके चार गुर्गों को एसटीएफ की वाराणसी इकाई ने शुक्रवार को पिंडरा क्षेत्र के कैथवली मोड़ के समीप से गिरफ्तार किया। आरोपियों की शिनाख्त 25 हजार के इनामी बदमाश जौनपुर के केराकत थाना के बम्भावन, थानागद्दी निवासी सुभाष यादव उर्फ धीरज उर्फ नेता, अतरौरा के सुरेश यादव, चंदवक थाना के उमरवार के सूरज यादव और जंसा थाना के लक्षीपुर गोगवा के वीरेंद्र कुमार पाल व शिवपूजन पटेल के तौर पर हुई है। बदमाशों के पास से प्रतिबंधित नाइन एमएम पिस्टल, एक तमंचा, छह कारतूस, एक कार, दो बाइक, पांच फर्जी परिचय पत्र, छह मोबाइल और 1500 रुपये बरामद हुए।
एसटीएफ की वाराणसी इकाई के डिप्टी एसपी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सूचना संकलन के दौरान पता लगा कि इनामी बदमाश सुभाष यादव किसी घटना को अंजाम देने के लिए पिंडरा की तरफ आने वाला है। इस सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में एसटीएफ की टीम ने घेरेबंदी कर पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया, जबकि दो बदमाश चकमा देकर भाग निकले। सुभाष जौनपुर के चंदवक थाने और आजमगढ़ के देवगांव थाने में दर्ज लूट के दो अलग-अलग मुकदमे में वांछित था। मौके से भागे उसके साथी जौनपुर के बेहड़ा गांव निवासी आदर्श सिंह और उसके दोस्त गोरखपाल की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार पांचों बदमाशों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई के लिए उन्हें फूलपुर थाने की पुलिस को सौंपा गया है। आगे पढ़ें जरायम जगत का इतिहास...