सारनाथ। महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया के संस्थापक अनगारिक धर्मपाल की 162वीं जयंती से एक दिन पहले बुधवार को सारनाथ स्थित महाबोधि इंटर कॉलेज परिसर में प्रतिमा का अनावरण किया गया। महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया के महासचिव भिक्षु पी शिबली थेरो ने सुबह नौ बजे मंत्रोच्चार के बीच अनावरण किया। इस अवसर पर सारनाथ क्षेत्र के बौद्ध भिक्षुओं ने पुष्प और दीप अर्पित किए।
मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर के प्रभारी भिक्षु सुमिता नंद थेरो ने बताया कि धर्मपाल की 162वीं जयंती 17 सितंबर को है। इस मौके पर 17 सितंबर को मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर में सुबह नौ बजे एक सभा आयोजित होगी। कोलकाता विश्वविद्यालय के बौद्ध दर्शन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. उज्ज्वल कुमार मुख्य अतिथि होंगे। इस दौरान स्कूली छात्रों के लिए धर्मपाल पर भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। संवाद