क्षेत्रीय खेल कार्यालय लखनऊ और आगरा के तत्वावधान में प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालक वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 2 से 5 फरवरी तक लखनऊ में होगा। प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालिका वॉलीबॉल का आयोजन 7 से 10 फरवरी तक एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम आगरा में होगा। प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की चयनित सब जूनियर बालक-बालिका की टीम हिस्सा लेंगी। इसका चयन व ट्रायल डाॅ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम सिगरा में किया जाएगा। इसमें हिस्सा लेने के लिए जिला वॉलीबॉल संघ अवैतनिक सचिव सर्वेश पांडेय, पूजा यादव वॉलीबॉल प्रशिक्षक से संपर्क किया जा सकता है। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि सब जूनियर बालक का जिला स्तरीय चयन व ट्रायल 27 जनवरी को सुबह 9 बजे से और मंडल स्तर पर 28 जनवरी को 10 बजे होगा। सब जूनियर बालिका का जिला स्तरीय चयन व ट्रायल 29 जनवरी को सुबह 9 बजे और मंडल स्तर पर 30 जनवरी को सुबह 10 बजे से होगा।