प्रदेश स्तरीय पर स्कूलों में होने वाली हॉकी और फुटबाल प्रतियोगिताओं की मेजबानी बनारस करेगा। इसके साथ ही प्रदेश की प्रतियोगिताओं से पहले सभी मंडल स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं को कराने का निर्देश जारी कर दिया गया है। जेडी अजय द्विवेदी की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित मंडल स्तरीय खेल समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस दौरान 35 सदस्यीय मंडल स्तरीय खेल समिति का गठन किया गया।
बुधवार को जेडी कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान मंडल स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं को समय से कराने के लिए विचार विमर्श हुआ। इस दौरान गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली और वाराणसी के जिला विद्यालय निरीक्षक व विद्यालयों के प्राचार्य भी मौजूद रहे।
बैठक में मंडल स्तर पर खेल कराने के लिए खेलों का निर्धारण किया गया। मंडल स्तरीय खेल समिति जेडी अजय द्विवेदी की अध्यक्षता में बनाई गई। वाराणसी को मंडल स्तर पर कुश्ती, तैराकी, बास्केटबाल, हैंडबाल, राइफल शूटिंग, स्केटिंग, फुटबाल और हॉकी समेत कई खेलों को कराने का निर्देश दिया गया है।
इसके साथ ही गाजीपुर, जौनपुर, और चंदौली को खेलों का आवंटन किया गया है। 25 से 28 अगस्त के मध्य प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाने की संभावनाएं हैं। वहीं दूसरी तरफ फीफा के स्टेट कोऑर्डिनेटर सत्येंद्र बहादुर सिंह ने भी मिशन 11 मिलियन को प्रमोट करने के लिए फुटबाल वितरण व प्रशिक्षण की बात कही।
इंटर कॉलेजों में छह सौ और बेसिक स्कूलों में 1350 फुटबाल का वितरण किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी राय ने बताया कि मंडल के सभी प्राचार्यों को मंडलीय अंशदान जल्द से जल्द जमा कराने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही मंडलीय खेलों को प्रदेश स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं से पूर्व कराने की तैयारी की जा रही है।