मानसिक रोगी दिखें तो विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराएं थानेदार
- बच्चा चोरी की अफवाह के मद्देनजर एसएसपी ने पुलिस को दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
वाराणसी। सभी थानेदार अपने क्षेत्र में सड़क पर घूम रहे मानसिक रोगियों को चिह्नित कर उन्हें भेलूपुर स्थित विवेकानंद हास्पिटल में भर्ती कराएं। यह निर्देश बच्चा चोरी की अफवाह को लेकर की जा रही मारपीट के मद्देनजर एसएसपी ने सभी थानेदारों को दिया है। एसएसपी ने कहा कि जिस मानसिक रोगी की हालत गंभीर होगी, उसे विवेकानंद हास्पिटल के डॉक्टरों के परामर्श से पांडेयपुर स्थित मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराया जाएगा। इसके साथ ही बच्चा चोरी के संबंध में स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर निरंतर जागरूकता अभियान जारी रखने का निर्देश एसएसपी ने दिया है।
बच्चा चोरी अफवाहों के मद्देनजर एक सितंबर से अब तक भिखारियों और मानसिक रोगियों के साथ मारपीट की दर्जन भर से ज्यादा घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसमें गंभीर रूप से घायल एक मानसिक रोगी की मौत भी हो चुकी है। मारपीट की इन घटनाओं को लेकर शुक्रवार तक जिले भर से 21 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अफवाहों पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने थानेदारों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। कॉलोनियों, बाजारों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर थानों की पुलिस और यूपी 100 के पीआरवी का चक्रमण निरंतर जारी रहे।
दो आरोपी जेल भेजे गए, 159 को नोटिस
वाराणसी। लल्लापुरा क्षेत्र में छह सितंबर की रात एक व्यक्ति पर बच्चा चोरी की आशंका जाहिर उसे बंधक बनाकर मारपीट की गई थी। इंस्पेक्टर सिगरा एके ओझा ने बताया कि प्रकरण को लेकर 150 से 200 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इसमें फातमान रोड लल्लापुरा निवासी राजेश सोनकर और संजय सोनकर को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। अदालत ने दोनों को जेल भेज दिया। उधर, अफवाह फैलाने की आशंका में भेलूपुर, सिगरा, जैतपुरा, कैंट और चोलापुर क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी 159 लोगों को नोटिस जारी कर उनसे जवाब मांगा गया है।
भिखारियों के भूमिगत होने की चर्चा
बच्चा चोरी की अफवाहों के मद्देनजर शहर में चर्चाएं हैे कि मारपीट के डर से भिखारी भूमिगत हो गए हैं या फिर कहीं अन्यत्र चले गए हैं। संकटमोचन व दुर्गाकुंड मंदिर के सामने और दशाश्वमेध सहित अन्य गंगा घाटों की सीढ़ियों पर मौजूद रहने वाले भिखारियों ने इस संबंध बताया कि उनके साथ अब तक किसी ने दुर्व्यवहार नहीं किया है। उन्हें किसी प्रकार का भय भी नहीं है। बच्चा चोरी जैसी किसी प्रकार की आपराधिक घटना में उनका हाथ भी नहीं है।
युवक को बच्चा चोर समझ पीटा, एक हिरासत में
- बच्चा चोरी की आशंका की सूचना पर नहीं आई पुलिस, लगाया जाम
वाराणसी/हरहुआ। पुलिस की सख्ती और लगातार जागरूकता अभियान के बाद भी बच्चा चोरी की अफवाह के चक्कर में लोग मारपीट करने से बाज नहीं आ रहे हैं। शुक्रवार को बच्चा चोरी की आशंका में भीमनगर में एक अधेड़ की पिटाई की गई और पुलिस से लोगों ने बदसलूकी की। वहीं, बच्चा चोरी की आशंका की सूचना देने पर पुलिस नहीं आई तो ग्रामीणों ने साधोगंज बाजार में बड़ागांव-अनेई मार्ग पर जाम लगा दिया।
बड़ागांव थाना अंतर्गत उज्जैनियापुर(खरावन) गांव से नौ वर्षीय बच्चा गुरुवार की शाम साधोगंज बाजार सामान खरीदने जा रहा था। बच्चे के अनुसार रास्ते में बाइक सवार दो लोगों ने उसे अगवा करने की कोशिश की तो वह किसी तरह से खुद को छुड़ा कर भाग निकला। बच्चे ने पिता को आपबीती सुनाई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि सूचना देने पर भी पुलिस शुक्रवार की सुबह तक नहीं आई। इससे गुस्साए परिजनोें और ग्रामीणों ने साधोगंज बाजार में जाम लगा दिया।
सूचना पर बड़ागांव थानेदार संजय सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया कि बच्चा चोरी की अफवाह पर कतई ध्यान न दें। उधर, कैंट थाना अंतर्गत भीम नगर में शुक्रवार की शाम एक युवक को बच्चा चोर समझ कर लोगों ने पिटाई कर दी। सूचना पाकर पुलिस पहुंची तो लोगों ने बदसलूकी की। प्रकरण में पुलिस ने भीम नगर निवासी एक युवक को हिरासत में लिया है। अधेड़ के साथ की गई मारपीट को लेकर कैंट थाने में एक नामजद और 30 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पिटाई में घायल को उपचार के लिए दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।