काशी पहुंचे 346 स्वर्ण पदक विजेता चंदू चैंपियन
जिला स्तरीय बौद्धिक दिव्यांग खेलकूद महोत्सव शुक्रवार सुबह 10 बजे से काशी हिंदू विश्वविद्यालय के एंफीथियेटर में शुरू होगा। इसकी 10 स्पर्धा में 30 पदकों के लिए 250 खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि 346 अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता मुरलीकांत राजाराम पेटकर चंदू चैंपियन बृहस्पतिवार को वाराणसी पहुंचे। उन्होंने बताया कि खेल सामूहिकता और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। मुरलीकांत भारत की ओर से पहले पैरा स्वर्ण पदक विजेता रहे। उन्होंने 50 मीटर फ्रीस्टाइल तैराकी में रिकॉर्ड भी बनाया। बॉलीवुड में उन पर चंदू चैंपियन नाम की फिल्म भी बनी थी। राजाराम पेटकर को अर्जुन पुरस्कार, भारतीय सेना लाइव टाइम एचीवमेंट अवॉर्ड भी मिल चुका है। आयोजन सचिव डाॅ. उत्तम ओझा ने बताया कि इसमें तिरंगा यात्रा से खेल स्पर्धा शुरू होगी। इसमें शॉर्टपुट, 50 मीटर और 100 दौड़, तेज चाल, उंची कूद, स्पून रेस बाधा दौड़ समेत कुल 10 खेलों का आयोजन होगा।
बलिया में लगेगा बालिका वर्ग का शिविर
राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए बालिका सब जूनियर टीम का प्रशिक्षण शिविर बलिया में 13 फरवरी से लगेगा। सिगरा स्टेडियम की कोच पूजा यादव प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए तकनीकी, पावर और स्मैश का प्रशिक्षण देंगी। यह शिविर 13 से 21 फरवरी तक लगेगा। 22 फरवरी को यूपी टीम की खिलाड़ी कोलकाता रवाना होंगी।
राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता 24 फरवरी से एक मार्च तक कोलकाता में खेली जाएगी। इसमें वाराणसी मंडल की चार खिलाड़ी यूपी टीम में शामिल हैं। खिलाड़ी बलिया में 10 दिवसीय शिविर में प्रशिक्षण लेंगी। -सर्वेश पांडेय सचिव जिला वॉलीबॉल संघ वाराणसी
कैंटोनमेंट स्कूल में एक्स्ट्रीम मार्शल आर्ट्स की ओर से कराटे बेल्ट परीक्षा हुई। इसमें शामिल 164 प्रतिभागियों में से 151 खिलाड़ी सफल हुए। परीक्षा मुख्य प्रशिक्षक मिथुन कन्नौजिया की देखरेख में हुई। इसमें अंशिका सिंह ने ब्लैक बेल्ट की परीक्षा पास की। बेल्ट परीक्षा में पूर्वांचल के आज़मगढ़, गाजीपुर, भदोही और चंदौली जिलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मौके पर अरविंद मौर्य, आदर्श शुक्ला, निखिल शर्मा, विकास श्रीवास्तव, सेंपई वैशाली राय, रूचि उपाध्याय मौजूद रहीं।
जॉर्डन क्रिकेट मैदान पर बृहस्पतिवार को सगीर अहमद मेमोरियल अंडर-16 जिला क्रिकेट लीग में आदर्श क्रिकेट क्लब बनाम यक्षिणी क्रिकेट क्लब के बीच मैच खेला गया। मैन ऑफ द मैच प्रिथु मिश्र के 5 विकेट से यक्षिणी क्रिकेट क्लब के खिलाड़ी लक्ष्य के आधे रन भी नहीं बना सके। आदर्श क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 35 ओवर 9 विकेट खोकर 222 रन बनाए। इसमें आदर्श क्रिकेट क्लब के श्रेयांश उपाध्याय ने 62 गेंदो में 68 रन बनाए जबकि प्रख्यात सिंह ने 43 गेंदो में 45 रन बनाए। यक्षिणी क्लब की ओर से किशन सेठ ने 4 विकेट और अमन यादव ने 2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यक्षिणी की टीम 107 रन पर ऑल आउट हो गई। आदर्श क्लब की ओर से प्रिथु मिश्रा ने 5 विकेट और प्रख्यात सिंह ने 3 विकेट लिए। इस तरह आदर्श क्लब 115 रनो से विजयी रही।