फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sports News Today : फुटबॉल में खिलाड़ियों की तिकड़ी, वाराणसी की हुई जीत; पढ़ें खेल की अन्य खबरें

Sat, 15 Feb 2025 04:43 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी के विभिन्न स्थानों पर फुटबाॅल, क्रिकेट सहित कई खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इस दाैरान खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही अतिथियों ने उन्हें प्रोत्साहित भी किया।
विज्ञापन
फुटबॉल प्रतियोगिता में गोल करने की कोशिश करती वाराणसी टीम की खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Sports News Today in Hindi : सुखदेव पहलवान स्टेडियम में ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर महिला फुटबॉल के तीसरे दिन शुक्रवार को वाराणसी ने मऊ और गाजीपुर ने बाराबंकी को हरा दिया। शुभारंभ समाजसेवी डॉ. माधुरी सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर किया। 

विज्ञापन


पहला मैच वाराणसी और मऊ के बीच खेला गया। वाराणसी ने मऊ को 10-0 से पराजित किया। वाराणसी की तरफ से अमृता ने चार, शालिनी ने तीन और आंचल ने तीन गोल किए। मैन ऑफ द मैन अमृता को दिया गया। प्रशिक्षक भैरव दत्त ने बताया कि जीत के साथ वाराणसी की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है।

दूसरा मैच बाराबंकी और गाजीपुर के बीच खेला गया। इस मैच में गाजीपुर ने बाराबंकी को 5-0 से पराजित किया। बाराबंकी की तरफ से महक ने दो, कोमल, नीतू ने एक- एक गोल किया। मैन ऑफ द मैच महक को दिया गया। तीसरा मैच आजमगढ़ और उन्नाव के बीच खेला गया।
विज्ञापन


इसमें उन्नाव ने आजमगढ़ को 3-0 से पराजित किया। शिखा ने दो और सोनम ने एक गोल किया। मैन ऑफ द मैच शिखा को दिया गया। चौथा मैच श्रावस्ती और बलिया के बीच खेला हुआ। बलिया ने श्रावस्ती को 4-0 से पराजित किया। जैक, कर्मवीर और कल्पना ने निर्णायक की भूमिका निभाई। अरविंद सिंह, केएम श्रीवास्तव, सेराज, भूपेंद्र शर्मा, मुकेश यादव, माया प्रसाद राय मौजूद थे। 

पहाड़ी गांव की रहने वाली आंचल। - फोटो : अमर उजाला
देश की दूसरे नंबर की स्कोरर हैं आंचल
पहाड़ी गांव की रहने वाली आंचल आई लीग और राष्ट्रीय स्तर की पांच प्रतियोगिताओं में 14 गोल दागकर देश की दूसरे नंबर की स्कोर की सूची में अपना नाम दर्ज करा चुकी हैं। आंचल इंडिया टीम के लिए दो बार राष्ट्रीय शिविर में भी शामिल हो चुकी हैं। वहीं, शालिनी यूपी टीम की ओर से चार बार नेशनल खेल चुकी हैं।

राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में महेश चयनित
राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में यूपी की 31 सदस्यीय टीम में एक मात्र पैरा एथलीट महेश प्रताप भाला फेंक स्पर्धा में दम दिखाएंगे। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 17 से 21 फरवरी तक 23वीं राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता होगी। चिरईगांव के तिवारी पुर गांव के महेश ने प्रदेशस्तरीय प्रतियोगिता में कांस्य जीता। उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। महेश ने 17 मीटर तक भाला फेंककर जीत हासिल की है।

ऑल इंडिया कबड्डी प्रतियोगिता आज से, बनारस के 4 खिलाड़ी खेलेंगे
दो दिवसीय ऑल इंडिया कबड्डी प्रतियोगिता चोलापुर के बावन बीघा सरदार पटेल इंटर कॉलेज में शनिवार से शुरू होगी। राष्ट्रीय स्तर स्मृति कबड्डी प्रतियोगिता में देश की आठ टीमें हिस्सा लेंगी। प्रदेश के प्रो कबड्डी स्टार राहुल चौधरी, अर्जुन देशवाल, विनय तेवतिया, आशू सहित 20 खिलाड़ी जलवा दिखाएंगे। 

यूपी कबड्डी संघ की ओर से स्वर्गीय शिव कुमार सिंह मेमोरियल प्राइज मनी इंडिया कबड्डी प्रतियोगिता 15 और 16 फरवरी को होगी। हाल ही में उत्तराखंड के हरिद्वार में 38वीं राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में स्वर्ण विजेता खिलाड़ी यूपी टीम भी हिस्सा लेगी। आठ टीमों में यूपी की ए टीम में वाराणसी के अनिरुद्ध पांडेय और कर्ण यादव बी टीम में हरीश सिंह और अश्वीन पाल भी हिस्सा लेंगे।

शतरंज खेलते छात्र। - फोटो : अमर उजाला
स्पोर्ट्स फेस्ट में 500 खिलाड़ियों ने दिखाया दम
चार दिवसीय स्पोर्ट्स फेस्ट शुक्रवार को स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज के खेल मैदान में हुआ। क्रिकेट, वॉलीबॉल, टेबिल टेनिस, बैडमिंटन, कैरम, शतरंज, टग-ऑफ-वार, सौ मीटर रेस में 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

निदेशक प्रो. पीएन झा ने कहा कि खेलों से लक्ष्य निर्धारित करने और उसे प्राप्त करने की ललक विकसित होती है। विद्यार्थियों के लिए आवश्यक है कि शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलकूद में भी सक्रिय रहे। इससे मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य दोनों ही उत्तम बना रहेगा। कहा कि मनोरंजन व उत्तम स्वास्थ्य के साथ-साथ खेल के माध्यम से सामूहिकता का बोध भी विकसित होता है।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले वाराणसी के खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला
यूपी टीम ने कर्नाटक को हराकर जीता रजत
उत्तराखंड में हो रहे नेशनल गेम्स में यूपी की हॉकी टीम ने फाइनल में कर्नाटक को 3-2 से हराकर रजत पदक जीता है। टीम में जिले के तीन खिलाड़ी प्रशांत, अतुलदीप और गोपी ने शानदार प्रदर्शन किया है। तीनों खिलाड़ी भारतीय रेलवे की ओर से खेल रहे थे। रेलवे टीम के प्रशिक्षक सतीश नारायण सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में यूपी की टीम तीसरी बार पदक जीतने में सफल रही है। 

दिव्यांग प्रीमियर लीग की ट्रॉफी का अनावरण
ऑल इंडिया दिव्यांंग क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से 16 से 18 फरवरी को सिगरा स्टेडियम में होने वाली डे नाइट दिव्यांग प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता की ट्रॉफी का शुक्रवार को अनावरण हुआ। संघ के महासचिव डॉ. संजय चौरसिया ने बताया कि दिव्यांग प्रीमियर लीग में देश के कई राज्य से दिव्यांग क्रिकेटर वेस्ट वॉरियर, ईस्ट ईगल, नॉर्थ दबंग, सेंट्रल लाइंस, काशी ट्रेंड्स व साउथ सर्वाइवर टीम की ओर से खेलेंगे। उद्घाटन 16 फरवरी को दोपहर दो बजे होगा। इस मौके पर  डॉ. दीपा मलिक बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। 

बीएचयू के ब्रोचा मैदान में खो-खो खेलतीं छात्राएं। - फोटो : अमर उजाला
बीएचयू : खो-खो में 7 विभागों की टीमों ने जीते अपने मुकाबले
बीएचयू के विज्ञान संस्थान की ओर से ब्रोचा मैदान में अंतर विभागीय खेल स्पर्धा आगाज हुआ। पहले दिन खोखो में सात विभागों की टीम ने जीत दर्ज कर अगले चक्र में प्रवेश किया। महिला वर्ग में पहला मैच फिजिक्स ने जूलॉजी विभाग को 2-0 से, बॉटनी विभाग ने स्टैटिक्स को 7-6 से, केमेस्ट्री विभाग ने जियोलॉजी विभाग को 9-0 से हराया। 

पुरुष वर्ग में जूलॉजी विभाग ने मैथ विभाग को 7-5 से, बॉटनी ने जियोलॉजी विभाग को 10-1 से, केमेस्ट्री विभाग स्टैटिक्स विभाग को 9-4 से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया। खोखो के अलावा फुटबॉल और शतरंज प्रतियोगिता हुई। जिनके परिणाम शनिवार को जारी होंगे। 

कुश्ती प्रतियोगिता के लिए चुनी गई टीम। - फोटो : अमर उजाला
कुश्ती के लिए 10 महिला पहलवानों का चयन
प्रदेशस्तरीय सीनियर महिला कुश्ती के लिए शुक्रवार को जिले की टीम का चयन किया गया। दस भार वर्ग में दस पहलवानों का चयन किया गया है। 17 से 19 फरवरी तक सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रतियोगिता होगी। 

जिला कुश्ती संघ के संयुक्त सचिव गोरख यादव ने बताया कि 50 किलो में रिया यादव, 53 किलो में आंचल यादव, 55 किलो में रिया यादव, 57 किलो में अर्पिता सरोज, 59 किलो में कौशिकी कुशवाहा, 62 किलो में आरोही यादव, 65 किलो में कशिश यादव, 68 किलो में पलक यादव, 72 किलो में लक्ष्मी गुप्ता, 76 किलो में पायल यादव का चयन किया गया है। मंडलीय ट्रायल में शुक्रवार को चंदौली और गाजीपुर से भी पहलवान हिस्सा लेने पहुंचे। चंदौली की वंदना चौहान का नाम आरक्षित सूची में रखा गया है। 

प्रमाण पत्र के साथ खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला
क्रिकेट में जेल वारियर्स ने आजाद फाइटर्स को हराया
केंद्रीय कारागार में क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में जेल वॉरियर्स ने आजाद फाइटर्स को हरा दिया। आजाद फाइटर्स के कप्तान जितेंद्र कुमार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। 

विवेक यादव ने (26 रन) तारिक अहमद (15 रन) ने बेहतरीन शॉट लगाए। आजाद फाइटर का स्कोर 15 ओवर में पांच विकेट खोकर 142 रन रहा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेल वारियर्स की टीम ने 21 गेंद शेष रहते ही मैच अपने नाम कर लिया। जेल वॉरियर्स की तरफ से धर्मेंद्र यादव ने 34 रन, आशीष सिंह ने 31, चंचल सिंह ने 23 रन ने की पारी खेली।

मैन ऑफ द मैच का खिताब वरिष्ठ अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र ने जेल वारियर्स के ऑल राउंडर  धर्मेंद्र को दिया गया। मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार राकेश यादव को मिला। बेस्ट बल्लेबाज का खिताब जितेंद्र, बेस्ट गेंदबाज परवेज आलम रहे।

कारागार परिसर में 100 मीटर की दौड़ में रंजीत कुमार प्रथम, किशन यादव दूसरे और आलोक कुमार तीसरे स्थान पर रहे। बोरा दौड़ में आशुतोष मिश्र प्रथम, परमफूल द्वितीय और मनोज कुमार तीसरे स्थान पर रहे। रस्साकशी में रामाश्रय, राजेश वर्मा, मुकेश, सुमित, हरिकेश मौर्या, नागेंद्र, राजेश और अश्वनी की टीम विजेता रही। 
विज्ञापन

वीर शहीद स्पोर्टिंग क्लब क्रिकेट प्रतियोगिता में चुमकुनी चैंपियन
पुलवामा हमले में बलिदानी रमेश यादव की स्मृति में वीर शहीद स्पोर्टिंग क्लब कैनवस क्रिकेट प्रतियोगिता चुमकुनी की टीम ने 17 रन से जीत ली। कुल 48 टीमों ने भाग लिया। शुक्रवार को फाइनल मुकाबला खेतलपुर स्पोर्टिंग क्लब और चुमकुनी के बीच खेला गया। 

चुमकुनी ने पहले बल्लेबाजी कर 88 रन बनाए। खेतलपुर की टीम 74 रन पर ऑलआउट हो गई। होल्डन को मैन ऑफ द मैच और चीकू सिंह को मैन ऑफ द सीरीज का खिताब बलिदानी रमेश के पिता श्यामनरायन यादव ने दिया। इस अवसर पर प्रधान कुंअर राजभर, लालमन यादव, राजेश यादव मौजूद रहे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें