काशी रुद्रा टीम में खेलेंगे वाराणसी के तीन खिलाड़ी
यूपी लीग के लिए काशी रुद्रा टीम में वाराणसी के तीन खिलाड़ी यशोवर्धन सिंह, शुभम चौबे और अटल बिहारी राय का चयन हुआ है।वाराणसी के बरेका निवासी क्रिकेट यशोवर्धन सिंह का चयन उत्तर प्रदेश प्रीमियर लीग में काशी रुद्रा टीम में हुआ। यशोवर्धन अंतर विवि और वर्ल्ड विवि प्रतियोगिता में खेल चुके हैं। कोच सीमांत सिंह ने बताया कि यह काशी के लिए गौरव का विषय है। चयन पर खिलाड़ियों को पीयूष, राजकुमार और पीपी आनंद मिश्र ने बधाई दी।
खिलाड़ियों ने पड़ाव आश्रम में लिया आशीर्वाद
वाराणसी कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव सिंह रानू के नेतृत्व में 36 पहलवानों ने शनिवार को पड़ाव स्थित अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम जाकर औघड़ गुरुपद संभव राम से आशीर्वाद लिया। इस दौरान पहलवानों ने आश्रम के आध्यात्मिक वातावरण में समय बिताया। इस अवसर पर संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोरख यादव, रामाश्रय यादव, सृष्टि यादव रहीं।
प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी।
- फोटो : संवाद
विष्णु दयाल डिस्कस थ्रो के चैंपियन
एमएल पब्लिक स्कूल, मगरहुआ, चौबेपुर (सारनाथ) में शुक्रवार को मुनारी खेल मैदान में सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों की एथलेटिक्स प्रतियोगिता हुई। इसके अंडर-14 वर्ग की डिसकस थ्रो में सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल, दांडी चंदौली के विष्णु दयाल यादव ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि ऊंची कूद में सेंट जेवियर स्कूल, बदलापुर जौनपुर यूपी के अर्पित विजेता बने। अंडर-19 वर्ग की डिस्कस थ्रो में वर्टेक्स ग्लोबल स्कूल, सरदार नगर गोरखपुर के हरिओम यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया। समापन पर विद्यालय के डायरेक्टर अवधेश कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
वॉलीबॉल में गजोखर जेएनवी के 12 खिलाड़ी
गजोखर स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) में शनिवार को दो दिवसीय संकुल स्तरीय वॉलीबॉल चयन ट्रायल संपन्न हो गया। जेएनवी गजोखर के सर्वाधिक 12 खिलाड़ियों का चयन टीम में हुआ। समापन समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य नागेश कुमार मिश्र ने की। यूपी वॉलीबॉल संघ की ओर से पूजा यादव और सुनील तिवारी माैजूद रहे।
कोच के साथ चयनित बास्केटबाॅल की टीम।
- फोटो : संवाद
अयोध्या खेलने जाएगी मंडल की बास्केटबॉल टीम
खेल विभाग की ओर से प्रादेशिक बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता 27 से 29 जुलाई तक अयोध्या में खेली जाएगी। इसमें खेलने के लिए वाराणसी मंडल की बास्केटबॉल टीम का चयन ट्रायल शनिवार को सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ। इसमें वाराणसी मंडल से संबंधित चार जिलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। जिला क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए वाराणसी मंडल की 12 सदस्यीय बालिका टीम घोषित की गई है। चयन ट्रायल बास्केटबॉल कोच आशीष दूबे की देखरेख में हुआ।
प्रादेशिक में काशी के 5 तैराकों ने जीते 10 पदक
लखनऊ में खेली जा रही तैराकी प्रतियोगिता में वाराणसी के 5 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 पदक जीते। सत्यम साहनी ने 100 मीटर फ्री-स्टाइल में रजत पदक, करण साहनी ने 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में कांस्य और 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में रजत, गौरव सेन गुप्ता ने 200 मीटर बटरफ्लाई रजत और 400 आईएम में कांस्य, वंदना साहनी ने 400 मीटर आईएम में रजत, 200 मीटर बटरफ्लाई में रजत और 50 मीटर बटरफ्लाई में रजत पदक जीता। जिला क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कार्तिक साहनी ने 200 मी. ब्रेस्ट स्ट्रोक में रजत और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में कांस्य पदक जीता। पदक जीतने पर वाराणसी जिला तैराकी संघ के सचिव शंभू, कनाई चंद तालापात्रा और सत्यम शर्मा ने बधाई दी।
विष्णु दयाल डिस्कस थ्रो के चैंपियन
एमएल पब्लिक स्कूल, मगरहुआ, चौबेपुर (सारनाथ) में शुक्रवार को मुनारी खेल मैदान में सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों की एथलेटिक्स प्रतियोगिता हुई। इसके अंडर-14 वर्ग की डिसकस थ्रो में सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल, दांडी चंदौली के विष्णु दयाल यादव ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि ऊंची कूद में सेंट जेवियर स्कूल, बदलापुर जौनपुर यूपी के अर्पित विजेता बने। अंडर-19 वर्ग की डिस्कस थ्रो में वर्टेक्स ग्लोबल स्कूल, सरदार नगर गोरखपुर के हरिओम यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया। समापन पर विद्यालय के डायरेक्टर अवधेश कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
वॉलीबॉल में गजोखर जेएनवी के 12 खिलाड़ी
पिंडरा के गजोखर स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) में शनिवार को दो दिवसीय संकुल स्तरीय वॉलीबॉल चयन ट्रायल संपन्न हो गया। जेएनवी गजोखर के सर्वाधिक 12 खिलाड़ियों का चयन टीम में हुआ। समापन समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य नागेश कुमार मिश्र ने की। यूपी वॉलीबॉल संघ की ओर से पूजा यादव और सुनील तिवारी माैजूद रहे।
कुश्ती का अभ्यास करते खिलाड़ी।
- फोटो : संवाद
सिगरा साई सेंटर के लिए दिल्ली से शाॅर्ट लिस्ट हुए 14 खिलाड़ी
वाराणसी। भारतीय खेल प्राधिकरण ने सिगरा स्टेडियम के लिए दिल्ली से 14 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया है। इसके बाद वाराणसी के सिगरा स्टेडियम स्थित नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंसी (एनसीओई) में कुश्ती की 36 सीटों के लिए तीन दिनों तक चयन ट्रायल के बाद 33 खिलाड़ियों चुना गया।
उप निदेशक साई वाराणसी सुभांशु द्विवेदी ने बताया कि इसके बालिका वर्ग में 12 खिलाड़ी जबकि बालक वर्ग ग्रीको रोमन में 13 और फ्री-स्टाइल में 8 खिलाड़ियों का चयन हुआ। खिलाड़ियों को यहां प्रवेश पाने के लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। एक सप्ताह बाद प्रवेश करने वाली सूची रिवाइज की जाएगी। एनसीओई सिगरा में प्रवेश के लिए 36 सीटों के लिए देश के अलग-अलग राज्यों के 160 खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया था। इसके बालिका वर्ग में 30 खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया था।
चयनित वाराणसी मंडल की टीम।
- फोटो : संवाद
मंडलीय टीम के लिए 59 खिलाड़ियों ने 3 घंटे तक खेला फुटबाॅल
जिला फुटबॉल संघ की ओर से शनिवार को अंडर-19 जूनियर बालक वर्ग की अंतरजनपदीय फुटबॉल ट्रायल संपन्न हो गया। सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई प्रतियोगिता में चार जिलों के 59 खिलाड़ियों ने तीन घंटे फुटबॉल स्किल का प्रदर्शन किया।
इसमें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 16 सदस्यीय टीम मऊ में होने वाली प्रादेशिक प्रतियोगिता में खेलेगी। इसमें चार जिलों के चयनित खिलाड़ी प्रादेशिक प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे। यूपी फुटबॉल संघ के अवैतनिक सचिव मोहम्मद शाहिद ने बताया कि प्रादेशिक फुटबॉल प्रतियोगिता मऊ में खेली जाएगी। मंडलीय ट्रायल में वाराणसी के अलावा जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली की टीम ने हिस्सा लिया।
जिला क्रीड़ाधिकारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि वाराणसी जिले से 42, गाजीपुर के 15, चंदौली के पांच और जौनपुर जिले के दो कुल 59 खिलाड़ियों ने ट्रायल में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों की अंतिम 16 सदस्यीय सूची रविवार को जारी होगी। चयनित खिलाड़ी मऊ में एक अगस्त से आयोजित अंडर-19 जूनियर बालक फुटबॉल चैंपियनशिप में भाग लेगी।