हैंडबाॅल में खेलेंगी नैना और कोमल
तीसरा एशियन यूथ गेम्स की हैंडबॉल स्पर्धा में नैना और कोमल खेलेंगी। यूपी हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बताया कि जिले की दोनों खिलाड़ी गांधीनगर साई सेंटर में प्रशिक्षण ले रही हैं। दोनों खिलाड़ियों का यह तीसरा विदेश दौरा है। नैना यादव चीन और उज्बेकिस्तान में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उन्हें बेस्ट वैलुएबल खिलाड़ी का खिताब भी मिल चुका है जबकि कोमल राजभर चीन का दौरा कर चुकी हैं। काशी के खिलाड़ी खेलों में लगतार अच्छा कर रहे हैं।
सारनाथ में खेली जाएगी यूपी केसरी कुश्ती
स्व. बल्लू पहलवान की स्मृति में भारतीय शैली में प्रादेशिक कुश्ती सारनाथ के छाहीं गांव में 5-6 नवंबर को खेली जाएगी। इसमें यूपी केसरी का खिताब जीतने वाले पहलवान महाराष्ट्र में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलेंगे। आयोजन सचिव चंदन यादव ने बताया कि पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता 55, 60, 65, 70, 75, 80 और 85 किलो भारवर्ग में होगी।
यूपी कुश्ती संघ भारतीय शैली के महासचिव लालजी यादव ने बताया कि 5 नवंबर को शाम 4 से खिलाड़ियों का वजन कराया जाएगा। अगले दिन सुबह 10 बजे से कुश्ती शुरू होगी। यह प्रतियोगिता वाराणसी की जिला इकाई करा रही है। इसमें वाराणसी-ए और वाराणसी-बी के अलावा बरेका की टीमें स्वतंत्र रूप से खेलेंगी। यूपी केसरी का पुरस्कार जीतने वाले खिलाड़ी को एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
अनन्या के गोल से जीती डीह डेंजरस
राजातालाब के गंगापुर हॉकी एकेडमी की ओर से रविवार शाम गंगापुर इंटर कॉलेज मैदान पर हॉकी का अभ्यास मैच खेला गया। अन्यया के गोल से डीह डेंजरस ने गंगापुर की टीम को एक गोल से हरा दिया। मैच का निर्णायक गोल खेल समाप्त होने के एक मिनट पहले अनन्या ने किया।
सिगरा स्टेडियम में होगी फुटबॉल प्रतियोगिता
काशी सांसद खेलकूद के तहत फुटबॉल प्रतियोगिता सिगरा स्टेडियम में तीन दिनी बालक-बालिका वर्ग के तीन वर्गों में प्रतियोगिता होगी। जिला फुटबॉल एसोसिएशन के राना अनवर ने बताया कि 23 को अंडर-14 सब जूनियर बालक-बालिका वर्ग, 24 को अंडर-18 बालक-बालिका और 25 अक्तूबर को सीनियर वर्ग में महिला ओर पुरुष वर्ग के मुकाबले होंगे।
एक ही गांव के दो खिलाड़ियों ने कुश्ती के लिए किया क्वालिफाई
पिंडरा। बाबतपुर के बनारस इंस्टीट्यूट के दो छात्रों ने अखिल भारतीय विश्वविद्यालयीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया है। यह प्रतियोगिता 19 से 23 नवंबर तक चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में होगी। इसके लिए दोनों खिलाड़ियों ने अभ्यास शुरू कर दिया है।
अहरक (रमईपट्टी) गांव के धीरज और विकास ने विद्यापीठ की ओर से हुई अंतर महाविद्यालयीय कुश्ती प्रतियोगिता में अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर इसके लिए क्वालिफाई किया है। पहलवानों के चयन पर क्षेत्र के लोगों और कॉलेज प्रशासन ने खुशी व्यक्त की।
क्वालिफाइंग मुकाबले नैपुरा के स्वामी वितरागानंद व्यायामशाला में हुए। इसमें धीरज पहलवान ने 70 किलो भार वर्ग में 10 महाविद्यालयों के पहलवान को पछाड़कर स्वर्ण पदक जीता जबकि 65 किलो भार वर्ग में विकास कुमार यादव ने आठ खिलाड़ियों को हराया।
अहरक व्यायामशाला का कुश्ती में बढ़ रहा नाम
अहरक व्यायामशाला का नाम कुश्ती में लगातार बढ़ रहा है। यहां के खिलाड़ी स्कूली खेलों से लेकर कुश्ती संघ की प्रतियोगिता में उपलब्धि हासिल कर कर रहे हैं। यहां के सात खिलाड़ियों ने प्रदेशीय विद्यालयीय कुश्ती में हिस्सा किया और तीन पहलवानों ने पदक जीते। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर राम सेवक यादव, महेंद्र, गुलाब और खेलन पहलवान का योगदान योगदान है।
बरेका के सात खिलाड़ी लेंगे फुटबॉल का प्रशिक्षण
बरेका मैदान पर अभ्यास करने वाले आठ खिलाड़ियों का चयन दो क्लब में हुआ है। इन खिलाड़ियों का चयन छात्रवृत्ति के तहत हुआ है। इसमें सात खिलाड़ियों का चयन इंटर काशी में हुआ है जबकि एक खिलाड़ी का चयन लखनऊ के फाल्कन एफसी में हुआ है।
फुटबॉल कोच भैरव दत्त ने बताया कि सात खिलाड़ियों को डालिम्स सनबीम के चौबेपुर शाखा में रहने खाने और खेलने की सुविधा मिलेगी। एक खिलाड़ी पर एक साल में साढ़े सात लाख रुपये खर्च होंगे। इंटर काशी लीग इनको प्रशिक्षित करेगा। बताया कि बरेका मैदान के अंडर-13 वर्ग के खिलाड़ी मोहम्मद कैफ, अमन, विक्की, आयुष और दक्ष नेगी, अंडर-16 में सत्यम, अंडर-18 में यश गुप्ता का चयन हुआ है।
लखनऊ फाल्कन एफसी से खेलेंगे अमन
बरेका में नियमित अभ्यास करने वाले 10वीं के छात्र अमन पटेल लखनऊ के फुटबाॅल क्लब में प्रशिक्षण लेंगे। लखनऊ फाल्कन एफसी पढ़ाई के साथ उन्हें फुटबॉल का प्रशिक्षण देगा। चयनित खिलाड़ी पुरुष वर्ग की प्रतिष्ठित आईलीग में खेलने का मौका मिलेगा।