मंडलीय क्रीड़ा सचिव नईम अहमद के अनुसार प्रतियोगिता के समय-सारणी के अनुसार, सभी प्रतिभागी टीमों को 23 सितंबर की सुबह 11 बजे तक स्टेडियम में रिपोर्ट करना होगा। उसी दिन दोपहर चार बजे ड्रॉ एवं फिक्सचर जारी किए जाएंगे, जिसके तुरंत बाद सायंकाल पांच बजे से औपचारिक रूप से मैच प्रारंभ हो जाएंगे।
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के 18 मंडलों तथा स्पोर्ट्स कॉलेजों (लखनऊ, गोरखपुर, सैफई) एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों से अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 श्रेणियों के कुल 922 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनमें 468 बालक प्रतिभागी तथा 454 बालिका प्रतिभागी शामिल हैं। बालकों की स्पर्धाओं में अंडर-14 में 149, अंडर-17 में 161 तथा अंडर-19 श्रेणी में 158 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। वहीं बालिकाओं के मुकाबलों में अंडर-14 वर्ग में 139, अंडर-17 वर्ग में 158 तथा अंडर-19 वर्ग में 157 छात्राएं पदक के लिए दावेदारी पेश करेंगी।
छह कॉलेजों में ठहरेंगे बालक वर्ग के खिलाड़ी
गुरु गोविंद सिंह इंटर कॉलेज में आगरा, अयोध्या, मीरपुर एवं बरेली मंडल की टीमों के ठहराने की व्यवस्था की गई है। मौलाना आजाद इंटर कॉलेज में गोरखपुर, लखनऊ, मुरादाबाद एवं मेरठ मंडल, पीसी आजाद इंटर कॉलेज, बिहारकलां में बस्ती, चित्रकूट एवं देवीपाटन मंडल, विष्णु इंटर कॉलेज में स्पोर्ट्स कॉलेज (सैफई, झांसी एवं सहारनपुर) के खिलाड़ियों के रहने का प्रबंध किया गया है। बरेली इंटर कॉलेज में अलीगढ़, कानपुर एवं आजमगढ़ मंडल की टीमों का आवास स्थल रहेगा, बिशप मंडल इंटर कॉलेज में प्रयागराज, स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ एवं वाराणसी की टीमें रुकेंगी।
बालिका वर्ग की आवास व्यवस्था
श्री गुरु नानक रिक्खी सिंह कन्या इंटर कॉलेज में अयोध्या, आगरा, मीरजापुर, स्पोर्ट्स कॉलेज-गोरखपुर एवं बरेली मंडल की छात्राएं रुकेंगी। लॉयन्स रोहिला इंटर कॉलेज में गोरखपुर, मेरठ, मुरादाबाद एवं सहारनपुर मंडल, सूरज भान गर्ल्स इंटर कॉलेज में अलीगढ़, कानपुर, लखनऊ, देवीपाटन, आजमगढ़ एवं झांसी मंडल, मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज में बस्ती एवं चित्रकूट, राम भरोसे लाल गर्ल्स इंटर कॉलेज में वाराणसी एवं प्रयागराज मंडल की बालिकाओं का आवास रहेगा। इस्लामियां गर्ल्स इंटर कॉलेज में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं के ठहरने का प्रबंध किया गया है।