30 ओवर के फॉर्मेट में होगी जेसीए त्रिकोणीय सीरीज
जय क्रिकेट एकेडमी की ओर से जेसीए त्रिकोणीय सीरीज 30 ओवर के फॉर्मेट में खेली जाएगी। जेसीए एकादश, क्रिकेट क्लब और सेंट लारेंस क्रिकेट एकेडमी की टीमें खेलेंगी। आयोजन सचिव संजय पाल ने बताया कि कैप्टन कूल क्रिकेट एकेडमी की जगह सेंट लॉरेंस क्रिकेट एकेडमी को जगह मिली है। यह बदलाव नए खिलाड़ियों को अवसर देने के उद्देश्य से किया गया है। इसमें हर एक टीम को चार-चार मुकाबले खेलने होंगे।
परमानंदपुर मैदान में आयोजित दाैड़ में महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
नीलिमा ने जीती सौ मीटर दौड़
महिला वर्ग की दौड़ प्रतियोगिता मंगलवार सुबह परमानंदपुर के बाबू आरएन सिंह स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में हुई। सौ मीटर दैड़ में नीलिमा ने प्रथम स्थान हासिल किया। आस्था कुशवाहा दूसरे और रविता सिंह तीसरे स्थान पर रही। दौड़ में तीस महिलाओं ने हिस्सा लिया। संयोजक यूपी एडवेंचर स्पोर्ट्स क्लब की अध्यक्ष डॉ. आशा सिंह ने बताया कि दौड़ के माध्यम से बताया जा रहा है कि महिलाओं को हर उम्र में फिट रहना जरूरी है। महिलाएं फिट रहेंगी तभी परिवार, समाज फिट बनेगा।
शिविर में हिस्सा लेते बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला
124 फुटबॉलरों को दिया गया प्रशिक्षण
अपकमिंग साॅकर क्लब (यूपीएससी) की ओर से गहनी के सिएट कॉलेज के मैदान पर फुटबॉल खिलाड़ियों को तकनीकी ट्रेनिंग दी गई। शिविर में 124 फुटबॉलर आठ टीमों में प्रशिक्षण ले रहे हैं। इस मौके पर 100 बटालियन यूपी कॉलेज एनसीसी के लेफ्टिनेंट कर्नल राकेश रोशन, साकेत सिंह, मनजीत, अमित, आरिज, अजीज मौजूद रहे।
बास्केटबॉल टीम का चयन ट्रायल 29 को
प्रादेशिक बास्केटबॉल मेरठ में 8 से 14 जून तक खेली जाएगी। जिले की टीम का चयन ट्रायल यूपी कॉलेज में होगा। जिला बास्केटबॉल संघ के संयुक्त सचिव विभोर भृगुवंशी ने मंगलवार को बताया कि जिला बास्केटबॉल संघ की ओर से जूनियर बालक-बालिका टीम का चयन ट्रायल 29 मई को सुबह सात बजे उदय प्रताप कॉलेज के बास्केटबॉल कोर्ट पर होगा। एक जनवरी 2007 या उसके बाद जन्मतिथि वाले खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकते हैं।
दो जून से जूनियर जिला हॉकी लीग का पंजीकरण
जूनियर बालक बालिका हॉकी प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का पंजीकरण दो जून से होगा। हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बताया कि इसे बाबू आरएन सिंह जिला हॉकी लीग अंडर-16 कहा जाएगा। जून के अंतिम सप्ताह से डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल बड़ालालपुर के नवनिर्मित एस्ट्रोटर्फ पर प्रतियोगिता होगी। बच्चों को शुरू से अंतरराष्ट्रीय स्तर के टर्फ पर खेलने का मौका मिलेगा।
अंतरराष्ट्रीय पैरा शूटर सुमेधा द. कोरिया रवाना
पैरा वर्ल्ड कप निशानेबाजी में हिस्सा लेने काशी की बेटी सुमेधा पाठक सोमवार देर रात दिल्ली से दक्षिण कोरिया रवाना हो गई। पैरा शूटर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 15वें पदक के लिए खेलेंगी। सुमेधा अब तक 10 मीटर पिस्टल में 14 पदक जीत चुकी हैं।
वह पैरा वर्ल्ड कप में भारतीय टीम में यूपी का प्रतिनिधित्व करेंगी। अब तक नेशनल में आठ और अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में दो रजत और चार कांस्य पदक जीत चुकी हैं। उन्हें तीसरी बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश को प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है।
अहदु समद के साथ स्कूल के शिक्षक और अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
पदक विजेता खिलाड़ी का स्वागत
प्रादेशिक मुयु थाई चैंपियनशिप में वाराणसी के खिलाड़ी अहदु समद ने रजत पदक जीता है। समद का स्वागत मंगलवार को मेहंदीगंज के पीएस पब्लिक स्कूल में हुआ। विद्यालय के निदेशक अमरनाथ पटेल ने बताया कि छठवीं के समद ने 25 मई को लखनऊ में चैंपियनशिप में पदक जीता। कोच दिनेश प्रजापति के अलावा उत्तम पटेल, कल्पना शर्मा, दिनेश पटेल रहे।
खिलाड़ियों को करतीं आरएसओ विमला सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
खिलाड़ियों का आरएसओ ने किया सम्मान
बरेली में प्रादेशिक तैराकी प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों का सम्मान क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने सिगरा कार्यालय में किया। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए मेहनत करने की नसीहत दी। प्रादेशिक प्रतियोगिता में स्वर्ण जीतने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय में खेलेंगे।
बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रतियोगिता 23 से 25 मई तक खेली गई। कनाई चंद तालपात्रा ने बताया कि जिले के आठ खिलाड़ियों ने पदक हासिल किया। प्रादेशिक तैराकी में 17 तैराकों ने हिस्सा लिया। बालिका वर्ग में छह जबकि पुरुष वर्ग में 11 खिलाड़ी शामिल थे।
शिविर में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
हैंडबॉल शिविर में हिस्सा लेंगी काशी की 5 खिलाड़ी
राष्ट्रीय महिला हैंडबॉल टीम का चयन गुजरात के गांधीनगर में होगा। इसमें वाराणसी की पांच खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बताया कि चयन परीक्षण में वाराणसी की राष्ट्रीय खिलाड़ी नैना यादव, प्रीति यादव, शिवांगी पांडेय, कोमल राय और काजल पटेल चुनी गई हैं। चयनित टीम चीन में 11वीं एशियाई युवा महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
बैडमिंटन के खिलाड़ियों ने स्मैश मारना सीखा
बीएचयू क्रीड़ा परिषद की ओर से मासिक शिविर में बैडमिंटन के खिलाड़ियों को स्मैश मारने का गुर सिखाया गया। सहायक निदेशक प्रो. राजीव सिंह ने खिलाड़ियों को डॉ. विभुति नारायण सिंह इंडोर स्टेडियम में प्रशिक्षित किया।