नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी को लेकर जहां विरोध के स्वर मुखर हो रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ रविवार को इस कानून के समर्थन में लोगों को जागरूक करने के लिए लोगो अपने-अपने स्तर पर प्रयास कर रहे हैं। गाजीपुर के मेदिनीपुर-ताड़ीघाट में कानून के संबंध में लोगों को जागरुक करने के लिए रैली निकाली गई। इस दौरान लोगों की सद्बुद्धि के लिए शुद्धि-बुद्दि हवन-पूजन भी किया गया।
नागरिकता संशोधन विधेयक एवं एनआरसी के पक्ष में क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह एवं योगी हर्ष सिंह के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने गांव में जुलूस की शक्ल में कानून का समर्थन करते हुए रैली निकाली, जो झारखंडेय महादेव मंदिर पर जाकर समाप्त हुई। इसके बाद शुद्धि-बुद्दि यज्ञ किया।
इस अवसर पर महासभा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि जो लोग नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी को एक-दूसरे से जोड़कर देख रहे हैं उन्हें इस बात का पता ही नहीं है कि नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी दो अलग-अलग चीज हैं। उनका हिंदुस्तान में रहने वाले मुसलमानों या किसी अन्य से कोई लेना देना नहीं है।
बल्कि यह तो उन लोगों के लिए है जो दूसरे देश से आकर भारत में शरणार्थी के रूप में रह रहे हैं। इस अवसर पर विवेक सिंह, शिवकुमार चौधरी, आचार्य पंकज पांडेय, अरविंद, मुन्ना सिंह, निलेश, गांधी सिंह, आदर्श, बंटी, अविनाश, धीरेंद्र सिंह, सोनू सिंह, अमित सिंह, अजीत कुमार, राकेश सिंह, पिंटू आदि उपस्थित थे।