यात्रियों को बोतल का पानी देते स्वास्थ्य कर्मचारी
- फोटो : amar ujala
स्टेशन पर उतरते ही कई यात्रियों की झलके आंसू
लॉकडाउन में गुजरात के सूरत में फंसे 12 सौ से अधिक प्रवासियों को लेकर स्पेशल ट्रेन मंगलवार की देर शाम आठ बजे करीब चार घंटे देरी से मऊ जंक्शन पहुंची। ट्रेन में जिले के 902 प्रवासी शामिल रहे। शेष आजमगढ़, गाजीपुर अन्य जिलों के थे। सूरत से लौटे श्रमिकों को गंतव्य स्थान तक पहुंचाने के लिए प्रशासन ने 55 रोडवेज बसों को लगाया था। वहीं स्टेशन पर श्रमिकों के लौटने पर प्रशासन ने सभी को गमछा पहनाकर स्वागत किया।
विशेष ट्रेन अपने निर्धारित समय शाम 4.20 से चार घंटे से विलंब से मंगलवार की शाम 8 बजे प्लेटफार्म एक पर पहुंची। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा संदिग्ध या बीमार श्रमिकों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 की छह एंबुलेंस तैनात करने के साथ मेडिकल टीम एक्टिव मोड पर रही। स्टेशन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।